अपराधअमरपुरबांका

झुलस कर हुई महिला की मौत, मायके वालों को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, पुलिस पर भी हमला

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर है। अमरपुर थाना क्षेत्र के कासपुर गांव में एक महिला की झुलस कर हुई मौत के बाद पहुंचे महिला के मायके वालों के साथ मार पिटाई के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो काफी हो हंगामा करते हुए ग्रामीणों ने पुलिस बल पर भी हमला कर दिया। इस हमले में एक दारोगा समय तो दो पुलिसकर्मियों को चोटें आने की खबर है।

घटना के संबंध में बताया गया है कि कासपुर गांव के चौकीदार शंभू तांती की पत्नी संगीता देवी की आग से झुलस कर मौत हो गई। महिला की क्षत-विक्षत लाश शनिवार को सबेरे उसके अपने ही बेडरूम में पाई गई। महिला आग से झुलस कर कैसे मरी, यह अभी रहस्यमय बना हुआ है।

इस बीच घटना की सूचना मृतका संगीता देवी के मायके वालों तक पहुंची। संगीता देवी का मायका भागलपुर जिला अंतर्गत बाथ थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव में है। सूचना पाकर पिता ठाकुर तांती समेत मायके से अनेक परिजन उसकी ससुराल कासपुर गांव पहुंचे।

मायके वालों के गांव पहुंचते ही मृतका संगीता देवी के परिवार वालों के साथ साथ कासपुर के ग्रामीण भी उनके खिलाफ भड़क गए। ग्रामीणों ने संगीता के मायके वालों के साथ मार पिटाई करते हुए उन्हें बंधक बना लिया। इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची लेकिन पुलिस को भी ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक ग्रामीण जब संगीता देवी के मायके वालों के साथ मार पिटाई कर रहे थे, तब पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाने की कोशिश की तो ग्रामीण पुलिस के ही खिलाफ भड़क गए। उन्होंने पुलिस बल के साथ भी हाथापाई की। ग्रामीणों के हमले में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आने की खबर है।

इस बीच सूचना पाकर अमरपुर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सख्ती करते हुए पुलिस ने संगीता के मायके वालों को सुरक्षित निकाल लिया और उन्हें थाना लेकर चले गए। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button