बांका जिले में सभी विद्यालय बंद करने का आदेश, सोमवार से खुलेंगे
बांका लाइव ब्यूरो : मौसम में ठंड का कहर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा। हाड़ कंपाती ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त है। लोग घरों से बाहर निकलने तक से परहेज कर रहे हैं। हालांकि गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को तापमान में एक डिग्री की मामूली वृद्धि रिकॉर्ड की गई है लेकिन बर्फानी तेज पछुआ हवा की वजह से तापमान की यह वृद्धि लोगों को महसूस नहीं हो पा रही।
मौसम में ठंड की मार को देखते हुए बांका जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालय आज और कल तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। इनमें पहली कक्षा से लेकर टेन प्लस टू तक के विद्यालय शामिल हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर इस आशय का आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद अहसन ने जारी कर दिया है। लिहाजा बांका जिले के 10 प्लस टू तक के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालय अब सोमवार से खुलेंगे।
जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यालय बंद करने का यह प्रशासनिक आदेश सिर्फ कक्षाएं स्थगित रखने तक सीमित रहेगा। शिक्षकों की उपस्थिति विद्यालयों में जारी रहेगी। शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचेंगे और डीबीटी तथा मानव श्रृंखला की तैयारियों से जुड़े कार्यों को निबटाएंगे।
इस बीच शुक्रवार को क्षेत्र में अधिकतम तापमान 21 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान में यह मामूली वृद्धि है लेकिन इसका भी कोई असर ठंड पर नहीं दिख रहा। हवा की रफ्तार अमूमन 13 किलोमीटर प्रति घंटा है जबकि वायुमंडल की आर्द्रता 65 से 70 फ़ीसदी के आस-पास कायम है। ज्ञात हो कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया था।