बांका

बांका में चालू मौसम की रही अब तक की सबसे सर्द रात

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव डेस्क : सर्दी के चालू मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात साबित हुई है मंगलवार की रात। बुधवार को भी इस क्षेत्र में पारा चालू मौसम के न्यूनतम स्तर पर है। बुधवार को इस क्षेत्र में अधिकतम तापमान 21 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तेज पछुआ हवा के प्रकोप से मौसम ने करवट ली है। क्षेत्र में ठंड का भीषण प्रकोप है। कड़ाके की ठंड में बढ़ी कनकनी और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंड का असर लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ा है।

भीषण ठंड, भयानक शीतलहर और कनकनी की वजह से सरकारी दफ्तरों, स्कूल- कॉलेजों और अन्य संस्थानों में उपस्थिति प्रभावित हुई है। बाजारों में भी लोगों की मौजूदगी काफी कम है, जिससे व्यवसाय प्रभावित हुए हैं।

ठंड और शीतलहर के प्रकोप से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि सरकारी स्तर पर अब तक लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी अलाव आदि की व्यवस्था नहीं की गई है।

बुधवार को इस क्षेत्र में हाड़ कंपाती तेज पछुआ हवा चल रही है। इससे भी शीतलहर को बढ़ावा मिला है। बुधवार को हवा की न्यूनतम गति 14 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि वायुमंडल की आर्द्रता 64% रिकॉर्ड की गई है।

भीषण ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को परहेज से रहने की सलाह दी है। गर्म कपड़े और अलाव के साथ-साथ गर्म असर वाले भोजन के उपयोग की भी सलाह ठंड से बचने के लिए दी गई है। पशु चिकित्सकों ने मवेशियों को भी ठंड से बचाने के लिए उपयुक्त उपाय किए जाने की हिदायत लोगों से की है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button