अपराधबांका

भागलपुर- दुमका हाईवे पर ओवरलोडिंग के खिलाफ जबरदस्त अभियान, करीब सौ ट्रक धराए

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में ओवरलोडिंग के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया गया है। इस अभियान में करीब सौ के आसपास ओवरलोड ट्रक, हाईवा आदि धराए हैं। उनकी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए गए वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया जा रहा है। अभियान बांका जिला अंतर्गत पड़ने वाले भागलपुर- दुमका हाईवे पर चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल दंडाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने किया।

जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात अनुमंडल दंडाधिकारी मनोज कुमार चौधरी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर बांका जिला अंतर्गत रजौन, बाराहाट एवं बौंसी क्षेत्र में चल रहे ओवरलोड वाहनों को रोका गया। एक सूत्र के मुताबिक करीब तीन-चार घंटे तक चले इस अभियान में 70 से ज्यादा ट्रक ओवरलोड पाए गए। हालांकि एक अन्य सूत्र ने करीब सौ के आसपास ऐसे ट्रकों की संख्या बताई है जो ओवरलोड पाए गए थे। ऐसे ट्रकों तथा दूसरे मालवाहक वाहनों को रोककर उनकी जांच की जा रही है।

बताया गया कि ओवरलोड वाहनों के लोडिंग परमिशन, भार वहन क्षमता एवं अन्य कागजातों की जांच की जा रही है। इसके लिए विशेष तौर पर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटरयान निरीक्षक को भी बुलाया गया है। इस अभियान को लेकर भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार रात से ही मालवाहक वाहनों के चालकों के बीच हड़कंप मच गया है।

खबरों के मुताबिक चल रही जांच की सूचना मिलने के बाद झारखंड से बांका जिले में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहन सीमा क्षेत्र में स्थित भलजोर एरिया में ही रुक गये। फलस्वरूप हंसडीहा से लेकर भलजोर सीमा तक वाहनों का ठस्समठस्स जाम लग गया है जिससे यात्री एवं प्राइवेट वाहनों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग जहां के तहां फंसे हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button