बांका लाइव ब्यूरो : बस अब कुछ ही घंटों के लिए प्रतीक्षा और बांका जिले का भविष्य आपके सामने! बांका जिले के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को मतगणना जोर-शोर से जारी है। जिले के 5 में से कुछ में दो या तीन तो कुछ में चार से पांच राउंड की मतगणना हो चुकी है। फिलहाल वर्तमान रुझानों से आगे की स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता, लेकिन एक संकेत जरूर मिलने लगे हैं।
बांका विधानसभा क्षेत्र में जैसा कि पहले से अनुमान था, मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी रामनारायण मंडल एवं राजद प्रत्याशी जावेद इकबाल अंसारी के बीच है। बांका विधानसभा क्षेत्र में दो चक्र की मतगणना हो चुकी है जिसमें भाजपा प्रत्याशी रामनारायण मंडल करीब 400 मतों से आगे बताए जा रहे हैं।
अमरपुर विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला जदयू प्रत्याशी जयंत राज, कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह एवं लोजपा प्रत्याशी मृणाल शेखर के बीच चल रहा है। अमरपुर में चार चक्र की मतगणना हो चुकी है जिसमें जदयू प्रत्याशी जयंत राज कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह पर करीब 700 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के आरंभिक दौर में जदयू प्रत्याशी की बढ़त लोजपा प्रत्याशी मृणाल शेखर पर थी।
बेलहर विधानसभा क्षेत्र में मुख्य मुकाबला जदयू प्रत्याशी मनोज यादव एवं राजद प्रत्याशी रामदेव यादव के बीच है। बेलहर क्षेत्र की मतगणना चार राउंड हो चुकी है जिसमें जदयू प्रत्याशी मनोज यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रामदेव यादव के विरुद्ध करीब 3 हजार से ज्यादा मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
कटोरिया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी स्वीटी सीमा हेंब्रम का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी निक्की हेंब्रम के साथ है। कटोरिया क्षेत्र में दो चक्र की मतगणना के बाद राजद प्रत्याशी स्वीटी सीमा हेंब्रम भाजपा प्रत्याशी निक्की हेंब्रम के विरुद्ध करीब 2000 से ज्यादा मतों से बढ़त बनायी हुई हैं।
जिले के धोरैया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में मतगणना की रफ्तार थोड़ी धीमी है। इस क्षेत्र में पहले चक्र की मतगणना के बाद राजद प्रत्याशी भूदेव चौधरी जदयू प्रत्याशी मनीष कुमार के विरुद्ध करीब 140 मतों की मामूली बढ़त बना चुके थे। इस क्षेत्र में मुख्य मुकाबला राजद प्रत्याशी भूदेव चौधरी एवं जदयू प्रत्याशी मनीष कुमार के बीच है।