पुत्रों को बचाने में गई महिला की जान, दर्जन भर आरोपियों पर FIR, दो गिरफ्तार

कटोरिया (बांका) : पुत्रों को बचाने में एक महिला की जान चली गई। बताया गया कि महिला की जान कुल्हाड़ी के गहरे जख्म की वजह से गई। इस मामले में करीब दर्जनभर आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह घटना बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार कटोरिया थाना क्षेत्र के तुलसीवरण गांव में एक महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि महिला की जान अपने पुत्रों को बचाने के दौरान कुल्हाड़ी के हमलावरों के प्रहार की वजह से हुई। कुल्हाड़ी के जख्म से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतका का नाम अलखी देवी था और वह गणेश यादव की पत्नी थी। गणेश यादव तुलसीवरण गांव का ही रहने वाला है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतका के मकई के खेत से होकर आरोपी अपना ट्रैक्टर ले जाना चाहते थे, जिससे मना करने पर विवाद उत्पन्न हुआ। आरोपियों ने मृतका के पुत्रों पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां अलखी देवी पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिस से घायल होकर उसकी मौत हो गई। बताया गया कि आरोपियों के हमले में मृतका के पुत्र अमर कुमार एवं उपेंद्र यादव भी जख्मी हुए हैं, जिन का इलाज कराया जा रहा है।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। सूचना मिलने के बाद कटोरिया थाना अध्यक्ष नीरज तिवारी, अवर निरीक्षक महेश झा तथा सहायक अवर निरीक्षक जनार्दन सिंह सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर इस घटना को अंजाम देने वाले नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धर पकड़ अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार दो आरोपियों अमीन यादव एवं रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतका के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जा रहा है।
(कटोरिया से रितेश सिंह की रिपोर्ट)

Exit mobile version