बांका के श्रमिकों को लेकर दिल्ली से आ रहा मिनी ट्रक UP में दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, एक दर्जन घायल
ब्यूरो रिपोर्ट : बांका के श्रमिकोंं को लेकर दिल्ली से आ रहा एक मिनी ट्रक उत्तर प्रदेश के बस्ती जिला मुख्यालय के आसपास बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक दर्जन लोग घायल हो गये। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई। गंभीर रूप से घायल दोनों जख्मियों को गोरखपुर सदर अस्पताल में रेफर किया गया। लेकिन एक की रास्ते में ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 29 मार्च रविवार की है। बताया गया कि एक मिनी ट्रक पर सवार होकर करीब दो दर्जन श्रमिक दिल्ली से बांका के लिए रवाना हुए थे। जब यह मिनी ट्रक उत्तर प्रदेश के बस्ती के आसपास से होकर गुजर रहा था कि यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस हादसे में बांका सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्काडीह गांव के शशि यादव, मंजेश कुमार यादव, रोहित यादव, कपिल यादव, तथा रणवीर यादव के अलावा उत्तम कुमार कटेली मोड़ तथा महेशाडीह निवासी गुड्डू कुमार आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।
इनमें से गुड्डू कुमार एवं मंजेश कुमार यादव की हालत ज्यादा चिंताजनक बताई गई। उन्हें इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों घायलों को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि गोरखपुर ले जाते हुए जख्मी मंजेश कुमार यादव की रास्ते में ही मौत हो गई। फोन पर कुछ घायलों ने इस हादसे की सूचना बांका स्थित अपने परिजनों को दी। सूचना के बाद परिजनों में चिंता व्याप्त है। लॉक डाउन होने की वजह से वे कुछ भी करने की स्थिति में नहीं है।