अपराधकटोरियाबांका

बांका में उप मुखिया सह ग्रामीण डॉक्टर की गोली मारकर हत्या

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव संवाददाता : बांका जिले में विधि व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। अपराधी लगातार हत्या लूट और बलात्कार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अपराधियों और अपराध की घटनाओं पर नकेल कस पाने में विफल साबित हो रही है।

जिले में अपराधियों के बढ़ते मनोबल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे जनप्रतिनिधियों तक की हत्या सरेशाम कर दे रहे हैं। बांका जिले में पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों, जिनमें मुखिया और सरपंच भी शामिल हैं, की हत्या की घटनाओं की एक लंबी फेहरिस्त है। फेहरिस्त में ताजा नाम एक उप मुखिया का जुड़ गया है जिनकी बीती देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई।

यह घटना बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के कटोरिया- बलियामहरा मुख्य मार्ग पर बड़वासनी गांव की पानी टंकी के पास हुई। बताया गया कि घटनास्थल के पास कुछ अपराधी घात लगाए बैठे थे। इसी दौरान बड़वासनी पंचायत के उप मुखिया विनोद यादव जो ग्रामीण चिकित्सक भी थे, अपने ही गांव के एक मरीज का इलाज कर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

उप मुखिया सह ग्रामीण चिकित्सक विनोद यादव के घटनास्थल पर पहुंचते ही अपराधियों ने, जो पहले से वहां घात लगाकर मौजूद थे, उन्हें गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर बाइक से गिर पड़े। गोली की आवाज सुन ग्रामीण उधर दौड़े। तब तक अपराधी एक कार पर सवार होकर बांका की ओर भाग निकले। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक अपराधियों की संख्या 4 बताई गई है। इस बीच जख्मी विनोद यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उप मुखिया विनोद यादव की उम्र करीब 40 वर्ष थी और वह हिंडोलावरण गांव निवासी हीरा यादव के पुत्र थे। ग्रामीण चिकित्सक होने की वजह से वह अपने गांव तथा पंचायत के लोगों में काफी लोकप्रिय थे। इसी वजह से विगत चुनाव में वह इस पंचायत के उप मुखिया भी बने थे। विनोद यादव की हत्या क्यों की गई, इसे लेकर पुलिस भी असमंजस में है और ग्रामीण भी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button