बांकाबेलहरराजनीति

हर मोर्चे पर विफल है नीतीश सरकार, राज्य में अराजकता का माहौल : तेजस्वी

Get Latest Update on Whatsapp

Banka : इधर बिहार और उधर केंद्र दोनों सरकारें किस तरह चल रही हैं, यह अब बताने की जरूरत नहीं। राज्य और देश की जनता खुद इन सरकारों से बेचैनी महसूस कर रही है। बिहार में अराजकता का माहौल है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। अपराधियों में कानून और व्यवस्था का कोई भय नहीं रह गया है। प्रशासन तंत्र बेलगाम हो चुका है। राजद नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बांका जिला अंतर्गत बेलहर विधानसभा क्षेत्र के खेसर बाजार में आयोजित जनसभा में ये बातें कहीं।

बेलहर विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव हो रहे हैं और इस उपचुनाव को लेकर प्रचार अभियान के सिलसिले में पूर्व उपमुख्यमंत्री राजद नेता तेजस्वी यादव क्षेत्र में धुआंधार जनसभाएं कर रहे हैं। इन जनसभाओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका के पूर्व सांसद वरिष्ठ राजद नेता जयप्रकाश नारायण यादव एवं कटोरिया की राजद विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम आदि भी उनके साथ चल रहे हैं।

उधर प्रदेश राजद अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह एवं सांसद मनोज झा भी लगातार बेलहर विधानसभा उपचुनाव में राजद प्रत्याशी रामदेव यादव के लिए प्रचार अभियान में सभाएं और दौरा कर रहे हैं। चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। आज शाम क्षेत्र में चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा।

इससे पहले विभिन्न चुनाव सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में हत्या डकैती लूट अपहरण और बलात्कार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। यहां कानून का शासन समाप्त हो चुका है। भ्रष्टाचार चरम पर है। अधिकारी बेलगाम हैं। सरकार का सूबे के शासन तंत्र पर कोई लगाम नहीं रह गया है। सरकार की तुगलकी और जनविरोधी नीतियों से बिहार की जनता पीड़ित है।

उधर, केंद्र में सरकार हिंदू- मुसलमान, पाकिस्तान और इमरान का राग अलाप कर लोगों को भ्रमित कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था की गिरती स्थिति, ध्वस्त अर्थव्यवस्था और अंदरूनी असुरक्षा के माहौल से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सरकार प्रचार तंत्र के जरिए मुद्दे फैब्रिकेट कर रही है। इससे देशवासियों का भारी नुकसान हो रहा है। देश में सहिष्णुता और आपसी भाईचारे का माहौल खत्म करने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राजद समाज के हर तबके को लेकर साथ चलने में विश्वास करता है। ‘सामाजिक न्याय’ गरीबों और वंचितों के इस दल का सूत्र वाक्य है। उन्होंने कहा कि यदि राजद सत्ता में लौटती है तो कानून और व्यवस्था को पटरी पर लाने के साथ-साथ सबसे पहले रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका के पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने बेलहर विधानसभा क्षेत्र में पिछले डेढ़ दशक से ठप्प पड़ गई विकास प्रक्रिया के लिए जदयू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सांसद रहते हुए उन्होंने बेलहर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी जो विकास की बड़ी लकीर खींची, वह इस बात का द्योतक है कि राजद ही क्षेत्र का विकास कर सकता है। सभा को विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम, पूर्व जिला पार्षद मिट्ठन यादव, राजद नेता लखनलाल देव, पलटन यादव आदि ने संबोधित किया।


Related Articles

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button