बांका लाइव ब्यूरो : हंसते खेलते परिवार के एक युवक ने अपने ही घर के आंगन में कटहल के पेड़ पर फंदे से झूल कर अपनी जान दे दी। युवक जब फंदे से झूला तो घरवालों को भनक तक नहीं लगी। शनिवार की सुबह करीब 7:00 बजे उसने आत्महत्या कर ली। परिवार के लोगों ने पेड़ से लटकी हुई उसकी लाश देखी तो घर में कोहराम मच गया।

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमी गांव का 30 वर्षीय मुकेश उर्फ दिलखुश सिंह नामक युवक विजयहाट के एक व्यक्ति की निजी कार का चालक था। बताते हैं कि एक दिन पूर्व पत्नी के साथ किसी बात को लेकर उसकी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद वह शुक्रवार को ही घर से निकल कर अपने काम पर चला गया था।
शनिवार को तड़के वह वापस घर लौट आया और सबेरे करीब 7:00 बजे उसने अपनी जान दे दी। वह अपने ही आंगन में स्थित कटहल के पेड़ के ऊपर चढ़कर गले में फंदा डालकर झूल गया जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। पिता सहदेव सिंह, माता कुसुम देवी और पत्नी शबनम देवी का हाल बेहाल है।
मुकेश उर्फ दिलखुश सिंह की शादी 2 वर्ष पूर्व धोरैया प्रखंड के ही सैनचक गांव निवासी दयानंद सिंह की पुत्री शबनम से हुआ था। उसे डेढ़ साल की एक बेटी भी है। परिवार के लोगों ने इस हादसे के लिए किसी पर आरोप नहीं लगाया है। सूचना पुलिस को भी मिली जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी शबनम देवी के बयान पर इस घटना को लेकर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।