अभी-अभी : बांका में पूर्व विधायक के पुत्र को मारी गोली, गंभीर स्थिति में भागलपुर रेफर

अभी-अभी ..बिहार के बांका जिले से एक बड़ी खबर है। बांका जिले के एक पूर्व विधायक के पुत्र को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल पूर्व विधायक पुत्र को गंभीर हालत में सघन इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। परिजन और समर्थक उन्हें लेकर एंबुलेंस से भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के विरोध में आक्रोशित समर्थकों ने भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग को बौंसी के बजरंगबली चौक पर जाम कर दिया।

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिला अंतर्गत कटोरिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक भोला प्रसाद यादव के पुत्र प्रफुल्ल चंद्र यादव उर्फ पप्पू यादव को अज्ञात बदमाशों ने रविवार की देर रात उस वक्त गोली मार दी जब वह अपने गांव कुशमाहा से वापस बौंसी स्थित आवास पर लौट रहे थे। ज्ञात हो कि बौंसी के डैम रोड में उनका अपना मकान है जहां उनके पिता पूर्व विधायक भोला प्रसाद यादव एवं परिवार के सभी लोग रहते हैं।

बताया कि पप्पू यादव उर्फ प्रफुल्ल चंद्र यादव गांव से वापस बौंसी लौटते हुए जब मडुआबरन तथा जबड़ा के बीच से होकर गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए कुछ बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली पप्पू यादव की कमर में लगी है। यह घटना रविवार की रात करीब 8:00 बजे के आसपास की बतायी गयी है। पूर्व विधायक के पुत्र को गोली लगने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई।

घटना की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग मौका ए वारदात पर पहुंचे। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। जख्मी हालत में पप्पू यादव को फौरन बौंसी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सघन चिकित्सा के लिए उन्हें भागलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली पप्पू यादव के कमर में लगी है जो अंदर ही फांसी हुई है। परिजन एवं समर्थक उन्हें लेकर तुरंत एंबुलेंस से भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

घटना की खबर सुनकर बड़ी संख्या में इलाके के लोग बौंसी पहुंच गए। घटना को लेकर लोग काफी आक्रोशित थे। इसी आक्रोश में उन्होंने बौंसी कस्बे के अति व्यस्त एवं सर्वाधिक महत्वपूर्ण बजरंगबली चौक के पास भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस बीच स्थिति की नजाकत को देखते हुए बौंसी के अलावा आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर लोगों को जाम हटाने के लिए राजी कर लिया।

इधर जिसने भी पूर्व विधायक भोला प्रसाद यादव के पुत्र को गोली मार देने की खबर सुनी, वह हतप्रभ रह गया। लोग इस बात से भी विस्मित थे कि आखिर उन्हें कोई क्यों गोली मार सकता है! आमतौर पर उनकी छवि या कारोबार ऐसा कुछ खास नहीं रहा है, जिससे उन्हें इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़े!

अलबत्ता अपने पंचायत की राजनीति में उनकी सक्रियता जरूर रही है। वह ग्राम पंचायत का चुनाव लड़ चुके हैं। ग्राम पंचायत का चुनाव एक बार फिर से सामने है। स्थानीय स्तर पर हो रही चर्चा के मुताबिक शायद पंचायत की राजनीति उन पर गोली चलाए जाने की घटना के पीछे का एक महत्वपूर्ण कारक हो सकता है। बहरहाल, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। पुलिस की सम्यक पड़ताल के बाद ही इस संबंध में किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।

Exit mobile version