दिनेश चंद्र श्रीवास्तव होंगे बांका के नये अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी

बांका लाइव ब्यूरो : बांका के एसडीपीओ यानी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बदल दिए गए हैं। दिनेश चंद्र श्रीवास्तव बांका के नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी होंगे। वर्तमान में वह पुलिस उपाधीक्षक विशेष शाखा बिहार के रूप में पदस्थापित हैं। राज्य सरकार की एक अधिसूचना के अंतर्गत उनका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी यानी एसडीपीओ के पद पर बांका तबादला कर दिया गया है।

इधर बांका के वर्तमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साविंद्र कुमार दास को यहां से हटाकर उनकी पदस्थापना पुलिस उपाधीक्षक विशेष शाखा बिहार के पद पर कर दी गई है। करीब साल भर पूर्व उनकी नियुक्ति बांका एसडीपीओ के पद पर हुई थी। राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। इस अधिसूचना के मुताबिक बिहार में 30 डीएसपी विभिन्न पदों पर इधर से उधर किए गए हैं।

बांका जिले में दो पुलिस अनुमंडल हैं- बांका और बेलहर। जबकि पुलिस विभाग के कामकाज की देखरेख के लिए डीएसपी मुख्यालय भी यहां पदस्थापित हैं। एएसपी अभियान की भी बांका जिले में पदस्थापना है। इन सबके बावजूद बांका जिले में अपराध की गति और बारंबारता थमने का नाम नहीं ले रही। उम्मीद की जा रही है कि बांका पुलिस अनुमंडल के नए एसडीपीओ की पदस्थापना के बाद संबंधित पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता मिलेगी।

Exit mobile version