पूर्व वाइस चेयरमैन के शोक में बंद रहा नगर परिषद, शोक सभा में दी गई श्रद्धांजलि

बांका लाइव ब्यूरो : पूर्व वाइस चेयरमैन के शोक में शुक्रवार को बांका नगर परिषद कार्यालय बंद रहा। शुक्रवार को ही सबेरे रांची के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज करा रहे बांका म्युनिसिपालिटी के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं जिला जदयू के अध्यक्ष ओम प्रकाश का निधन हो गया था। वह लंबे समय तक बांका नगर पंचायत में वार्ड पार्षद एवं वाइस चेयरमैन रहे। वह बांका जिला जदयू के अध्यक्ष भी थे।

शोक सभा में उपस्थित वर्तमान एवं पूर्व वार्ड पार्षद व कर्मचारी

बांका नगर पंचायत के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं जिला जदयू अध्यक्ष ओमप्रकाश के निधन की खबर सुनते ही सभी वर्तमान एवं पूर्व वार्ड पार्षद नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत पूर्व वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा की अध्यक्षता बांका नगर परिषद के उपसभापति संतोष कुमार सिंह ने की।

इस अवसर पर उपसभापति संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बेहद विनम्र, शालीन और व्यवहार कुशल जनप्रतिनिधि के रूप में ओमप्रकाश ने कम उम्र में जो ख्याति और लोकप्रियता अर्जित की, वह बेमिसाल रही है। उन्होंने बांका नगर परिषद और यहां के नागरिकों की विपुल सेवा की है। नगर क्षेत्र के विकास में उनकी बड़ी भूमिका रही। उनके निधन से बांका नगर परिषद को बड़ी क्षति हुई है। परिषद आज उनके मार्गदर्शन से वंचित हो गया है। उनके निधन से जो शून्य उत्पन्न हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती।

दिवंगत पूर्व वाइस चेयरमैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते नगर परिषद के उपसभापति श्री संतोष सिंह

शोक सभा में वार्ड पार्षद भवानी देवी, क्रांति देवी, पूर्व वार्ड पार्षद विनोद साह, अशोक यादव, पुनेश्वर मंडल, शमीम, जितेंद्र राय, अरविंद दास सहित लगभग सभी वर्तमान एवं पूर्व वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इस मौके पर सिटी मैनेजर रितेश गुप्ता सहित नगर परिषद के सभी कर्मचारी भी मौजूद थे। शोक सभा के बाद पूर्व वाइस चेयरमैन ओमप्रकाश के शोक में बांका नगर परिषद कार्यालय को बंद कर दिया गया।

Exit mobile version