पैक्स चुनाव : अपने ही आरोपों के जाल में उलझे कई प्रत्याशी

बांका : बांका सदर प्रखंड में होने वाले पैक्स चुनावों को लेकर नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया आज से शुरू हुई। इस दौरान आधे दर्जन प्रत्याशियों ने एक दूसरे के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई। हालांकि निर्वाची पदाधिकारी द्वारा इन आपत्तियों को लेकर आज कोई निर्णय नहीं लिया गया। निर्वाची पदाधिकारी सह बांका के प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्र ने कहा कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान दर्ज दावे एवं आपत्तियों पर शनिवार को निर्णय लिए जाएंगे। 

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान आज पहले ही दिन कुछ पैक्स के  प्रत्याशियों ने अपने विरोधी प्रत्याशियों के विरुद्ध कुछ इस तरह के आरोप लगाए कि उनमें से कुछ खुद अपने ही लगाए आरोपों के जाल में उलझ कर रह गए। नामांकन पत्रों की जांच आरंभ होते ही सदर प्रखंड के रैनिया जोगडीहा पैक्स के अध्यक्ष पद प्रत्याशी निरंजन कुमार सिंह की ओर से उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी दीपक कुमार सिंह बबलू पर आरोप लगाए गए कि उनके पिता के नाम पूर्व की मतदाता सूची में कुछ और थे जबकि आज कुछ और हैं। 

इस पर दीपक कुमार सिंह बबलू ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष स्पष्टीकरण दिया कि उनके पिता का नाम पहले मतदाता सूची में गलत था जिसका उन्होंने बाद में निर्वाचन आयोग के निर्देश एवं दिए गए अधिकार के अंतर्गत संशोधन कराया। इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारी विजय कुमार चंद्र ने कहा कि इस मामले में निरंजन कुमार सिंह द्वारा दर्ज आपत्ति स्वीकार्य नहीं है क्योंकि मतदाता सूची में संशोधन का अधिकार स्वयं निर्वाचन आयोग ने दिया हुआ है। 

इस आपत्ति में फेल हो जाने के बाद पुनः निरंजन सिंह की ओर से यह कहा गया कि दीपक कुमार सिंह बबलू रैनिया जोगडीहा पैक्स के सदस्य ही नहीं हैं। हालांकि इन आपत्तियों को लेकर आज कोई निर्णय नहीं लिया गया। इधर दीपक कुमार सिंह बबलू ने कहा कि वे रैनिया जोगडीहा पैक्स के बोनाफाइड सदस्य हैं और यही वजह है कि पैक्स की सूची के मुताबिक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है। 

उधर लकड़ीकोला पैक्स के अध्यक्ष पद प्रत्याशी बबलू मंडल पर राजेंद्र मंडल ने, जबकि दक्षिण कटेली पैक्स के कामेश्वर यादव पर अरविंद यादव ने तथा लोधम पैक्स के अशोक यादव पर जयदेव महतो ने आरोप लगाया कि वे  पैक्स के साधारण सदस्य हैं इसलिए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकते। हालांकि इन आरोपों के बाद लोधम के अशोक यादव ने विशेष सदस्यता की रसीद मौके पर प्रस्तुत कर आरोप लगाने वाले का मुंह बंद कर दिया। 

इधर करहरिया पैक्स के प्रत्याशी अविनाश कुमार पर निर्मल कुमार ने फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र देने का आरोप लगाया है। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्र ने कहा कि इन सभी दावे एवं आपत्तियों पर शनिवार को निर्णय लिए जाएंगे। ज्ञात हो कि शनिवार को भी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी जारी रहेगी।

Exit mobile version