बांका : क्वॉरेंटाइन सेंटर में कुव्यवस्था के खिलाफ हंगामा, सड़क जाम

बांका (बिहार) : बांका जिले के क्वॉरेंटाइन सेंटरों में कु-व्यवस्था और बदइंतजामी के किस्से रोज सामने आ रहे हैं। जगह-जगह इनमें रह रहे लोग हो हंगामा भी कर रहे हैं। लेकिन इन सेंटरों की स्थिति सुधरने की बजाए बदहाल ही दिख रही है।


ऐसे ही एक मामले में आज बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत भरको स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटरों में रह रहे लोगों ने स्थानीय प्रशासन पर उनकी घोर उपेक्षा और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा। बाद में उन्होंने सड़क जाम कर दिया।


अमरपुर के भरको स्थित हाई स्कूल, मिडिल स्कूल एवं प्लस टू स्कूल में क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाए गए हैं, जहां कल तक कुल 40 लोग ठहरे हुए थे। क्वॉरेंटाइन सेंटरों में रह रहे लोगों ने कहा कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें वहां ठहरा तो दिया है, लेकिन उनके लिए कोई इंतजाम नहीं किया है।


इन क्वॉरेंटाइन सेंटरों में छोटे-छोटे बच्चों तक के साथ लोग ठहरे हुए हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि कल से ही उन्हें भोजन पानी तक नहीं दिया गया। खाने के लिए उन्हें मुरी और दालमोट देकर काम चलाया जा रहा है। छोटे बच्चे खासतौर से भूख से बिलबिला रहे हैं। भूख से वयस्कों की भी हालत खराब है। उन्होंने कहा कि आज सुबह 10 बजे तक उन्हें चाय तक के लिए नहीं पूछा गया, नाश्ता पानी की तो बात ही दूर है। 


आपदा प्रबंधन से जुड़े स्थानीय पदाधिकारियों की इस कथित उपेक्षा और बदइंतजामी से नाराज क्वॉरेंटाइन सेंटरों में रह रहे लोगों ने आज सुबह से ही हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने इंग्लिश मोड़ – शंभूगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। उन्होंने आरोप किया कि स्थानीय पदाधिकारी उनके प्रति बिल्कुल असंवेदनशील हैं। उन्होंने जिले के उच्चाधिकारियों से उनकी परेशानियों को लेकर संज्ञान लेने की अपील की है।

Exit mobile version