बांका में क्रूरतम घटना : घरेलू विवाद में मां-बेटी को जिंदा जलाकर मार डाला

बांका लाइव ब्यूरो : कहते हैं क्रूरता की भी हद होती है। लेकिन बांका जिले की इस जघन्य घटना ने तो क्रूरता की परिभाषा ही बदल कर रख दी है। घरेलू विवाद में परिवार वालों ने दो साल की अबोध बच्ची और उसकी मां को जिंदा जलाकर मार डाला। 

घटना बांका जिला अंतर्गत बेलहर थाना क्षेत्र के धरतीथान गांव की है। इस मामले में मृत महिला के पति फैजुल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि महिला की सास और ससुर समेत घर के अन्य सदस्य फरार हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरतीथान गांव निवासी फैजुल अंसारी की शादी हथियापाथर गांव की निकहत परवीन से हुई थी। उन्हें 2 साल की एक बच्ची आशियाना भी थी। मृतका निकहत परवीन के माता-पिता को सोमवार की सुबह करीब 4:00 बजे उसके पति फैजुल ने सूचना दी कि निकहत और उसकी बच्ची जल गई है।

खबर सुनकर निकहत के माता-पिता धरतीथान पहुंचे जहां फैजुल तो मौजूद था लेकिन उसके घर वाले फरार हो गए थे। माता पिता ने आरोप लगाया कि निकहत और उसकी दो साल की बच्ची आशियाना को मार डालने के उद्देश्य से पति और ससुराल वालों ने बुरी तरह जला डाला था। लेकिन जब तक वे वहां पहुंचे, दोनों किसी तरह जिंदा बचे थे।

लिहाजा दोनों को फौरन बेलहर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने बेहद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। इस बीच जानकारी मिली कि भागलपुर ले जाए जाने के क्रम में रास्ते में ही बच्ची आशियाना की मौत हो गई। जबकि भागलपुर में इलाज के दौरान निकहत परवीन की भी मौत हो गई।

निकहत के माता-पिता के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी को बुरी तरह प्रताड़ित कर रहे थे। हालांकि इसके पीछे कोई बड़ा विवाद नहीं था। कई बार इस मसले पर उन्हें समझा-बुझाकर मामले को सुलझाने की भी कोशिश हुई। लेकिन उसके ससुराल वालों ने एक नहीं सुनी और वे अपने रवैए पर कायम रहे।

गांववालों के मुताबिक रविवार की रात भी पति और ससुराल के परिजनों के साथ निकहत का किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ। जिसके बाद उन्होंने बच्ची समेत उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में निकहत के पति फैजुल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि घर के अन्य सदस्य फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापामारी की जा रही है।

Exit mobile version