बांका में गणतंत्र दिवस समारोहों के आयोजन की जोरदार तैयारियां, आरएमके ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह

बांका लाइव ब्यूरो : बांका सहित जिलेभर में गणतंत्र दिवस समारोहों की तैयारियों की धूम मची है। हर तरफ गणतंत्र दिवस समारोहों के आयोजन को लेकर पब्लिक से लेकर प्रशासनिक अमला तक तैयारियों में जुटा है। समारोहों में लगने वाली जरूरी चीजों का बाजार सज गया है। खरीदारी करने वालों की भी देर शाम तक भीड़ उमड़ रही है। जगह-जगह तिरंगे, फूल मालाएं और सजावट के सामान लोग खरीद रहे हैं। हर तरफ चहल पहल है।

बांका जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोहों को लेकर खास तैयारियां चल रही हैं। यहां मुख्य समारोह का आयोजन पारंपरिक रूप से आरएमके हाई स्कूल (अब इंटर स्तरीय स्कूल) के मैदान में होगा जहां जिलाधिकारी सुहर्ष भगत सुबह 9:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस अवसर पर उनके साथ एसपी अरविंद कुमार गुप्ता भी होंगे। जिले के दोनों शीर्ष पदाधिकारी झंडोत्तोलन से पूर्व सुरक्षाबलों, एनसीसी एवं स्काउट गाइड की संयुक्त सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले महापुरुषों के स्मारकों पर प्रशासनिक स्तर पर माल्यार्पण का प्रोग्राम है।

आरएमके ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियां सोमवार को देर शाम तक चल रही हैं। मंच की साज-सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जन सामान्य एवं मुख्य अतिथियों के बैठने के लिए भी पंडाल को सजाने एवं अंतिम रूप देने का काम जोर-शोर से देर रात तक चलने की उम्मीद है। अन्य सरकारी दफ्तरों, स्कूलों एवं सामाजिक संगठनों के कार्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोहों के आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं।

मुख्य समारोह के आयोजन के बाद जिलाधिकारी सुहर्ष भगत समाहरणालय एवं पब्लिक लाइब्रेरी आदि में भी झंडोत्तोलन करेंगे। जबकि एसपी अरविंद कुमार गुप्ता आरक्षी केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस कार्यालय में एसडीपीओ राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। नगर परिषद कार्यालय में सभापति संतोष कुमार सिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी झंडोत्तोलन की तैयारियां की जा रही है।

Exit mobile version