बांका विकास मंच की सार्थक पहल : कोरोना से बचाव के लिए बांटे जा रहे मास्क

इस अभियान में आरके सिन्हा (CA) उर्फ राजू सिन्हा, विवेक सिंह, रितेश चौधरी, मयंक कुमार मिंकु, अंकित रंजन एवं परितोष पारस आदि हैं सक्रिय।

बांका लाइव ब्यूरो : कोरोना के विश्वव्यापी खौफ के बीच बांका के लोग भी इस ग्लोबल टेरर वायरस को लेकर दहशत में है। कोरोना के दहशत का गहरा साया जिलेभर के गांव, कस्बे और बाजारों में देखे जा रहे हैं। सड़कों पर उपस्थिति कम हो गई है। बाजारों से चहल-पहल नदारद है।

कोरोना से लड़ने की तैयारियों के नाम पर प्रशासनिक इंतजामात भले ही भगवान भरोसे हों, जन जागरूकता अभियान जोरों पर है। न्यायिक पदाधिकारियों, शिक्षकों और पुलिस से लेकर कई स्तरों पर इस दैत्य वायरस से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक और सतर्क करने का अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है।

इसी अभियान में एक कदम आगे बढ़कर उत्साही नवयुवकों के स्थानीय सामाजिक संगठन बांका विकास मंच ने कोरोना वायरस से बचने के लिए लोगों को जागरूक करते हुए उन्हें मास्क वितरण का काम तेज कर दिया है। मास्क वितरण निशुल्क किया जा रहा है। विभिन्न सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाकर लोगों को एक जगह इकट्ठे ना होने की बात भी बांका विकास मंच के कार्यकर्ता उन्हें बता रहे हैं।

संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस एवं हाथ धुलाई से लेकर मास्क के प्रयोग की विधि मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा आम लोगों को बताई जा रही है। मंच के कार्यकर्ता अपने अभियान के तहत मोटे तौर पर सामान्य और सीमांत लोगों के बीच अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 

बांका विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जहां बांका शहर के कटोरिया रोड बस स्टैंड के अलावा कई बैंकों एवं दफ्तरों में मास्क बांटे, वहीं उन्होंने शुक्रवार को सुबह-सुबह न्यायालय परिसर पहुंचकर बड़ी संख्या में वहां पहुंचे लोगों को मास्क का वितरण किया तथा इन्हें पहनकर काम करने की सलाह दी।

Exit mobile version