बांका के सांसद गिरधारी यादव की माता का निधन, शोक संवेदनाओं का तांता

बांका लाइव ब्यूरो : बांका के सांसद गिरधारी यादव की माता जपती देवी का निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं। उनका निधन आज पटना में हुआ। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कल 11 दिसंबर को उनके अपने घर बरौंदिया से लगी बदुआ नदी के डरवा घाट पर किया जाएगा।

वे अपने पीछे दो पुत्रों और पांच पुत्रियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। सांसद गिरधारी यादव उनके जेष्ठ पुत्र हैं जबकि कनिष्ठ पुत्र लालधारी यादव इस बार बेलहर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए की ओर से जदयू प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े थे। जेष्ठ पुत्र गिरधारी यादव बांका लोकसभा क्षेत्र से जदयू के सांसद हैं। वे यहां से तीसरी बार सांसद बने हैं जबकि वे दो बार विधायक भी रह चुके हैं।

सांसद गिरधारी यादव के पिता धानु महतो रेलवे में कर्मचारी थे जिनका निधन काफी पहले वर्ष 1996 में ही हो गया था। वे स्थाई तौर पर बांका तथा जमुई जिले की सीमा पर अवस्थित सिमुलतला- टेलवा बाजार से लगे बरौंदिया गांव के निवासी हैं।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि सांसद गिरधारी यादव की माता काफी समय से अपने पुत्र के पटना स्थित आवास पर रह रही थीं। उनका स्वास्थ्य सामान्य था, लेकिन काफी लंबी उम्र हो जाने की वजह से एकाएक आज चलते-फिरते उन्होंने महाप्रयाण किया।

उनके निधन से पूरे परिवार एवं रिश्तेदारों में शोक का माहौल है। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सांसद की माता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

Exit mobile version