विडंबना कहिए या होनी, लेकिन जो कुछ भी हुआ, वह अच्छा नहीं हुआ..!

इसे विडंबना कहिए या होनी, लेकिन जो कुछ भी हुआ, वह अच्छा नहीं हुआ! बहन की शादी के लिए परदेस कमाने गया एक गरीब भाई दुर्घटना की वजह से मौत का शिकार हो गया। उसकी ख्वाहिश पूरी न हो सकी। बहन की शादी के लिए पैसे लाने की बजाय परदेस से भाई की लाश लौटी। यह देख न सिर्फ़ परिवार, बल्कि पूरा समाज और गांव विह्वल हो उठा है।

बांका लाइव ब्यूरो : मामला बांका जिला अंतर्गत फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव का है। यहां के एक गरीब परिवार से आने वाला युवक उदय कुमार कमाने के उद्देश्य से गुजरात के राजकोट गया था। गांववालों के मुताबिक राजकोट में अच्छे पैसे कमा कर वह अपनी बहन की शादी धूमधाम से करने की कामना से परदेस गया था। इसी फरवरी माह में उसके बहन की शादी तय थी।

वह राजकोट के किसी फैक्ट्री में काम करता था। बताया गया कि बुधवार को वह अपने एक साथी के साथ किसी मंदिर में पूजा करने गया था। वहां से लौटने के दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

गांव वालों के मुताबिक अस्पताल में दाखिल कराए गए दोनों घायल साथियों की मौत हो गयी। खबर सुनकर उसके पिता गणेश राणा एवं मां उर्मिला देवी के साथ भाई नीरज कुमार एवं ज्ञानी कुमार तथा बहन जानकी कुमारी एवं सोंटी विचलित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उदय कुमार के बहन की शादी की तारीख इसी फरवरी महीने में तय हुई थी। बहन की शादी में खर्च करने के लिए पैसे जोड़ने वह राजकोट गया था। लेकिन उसकी यह ख्वाहिश अधूरी रह गई।

Exit mobile version