बांकाराजनीति

BANKA : किसान आंदोलन के समर्थन में मानव श्रृंखला लेकर सड़कों पर उतरा महागठबंधन

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : किसान आंदोलन के समर्थन और तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ बुधवार को राजद सहित महागठबंधन में शामिल दलों की ओर से यहां मानव श्रृंखला बनाई गयी। मानव श्रृंखला में राजद के केंद्रीय नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव तथा बिहार के पूर्व मंत्री जावेद इकबाल अंसारी सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने भाग लिया।

महागठबंधन के इस आंदोलन का केंद्र एक बार फिर बांका शहर का गांधी चौक बना जहां विभिन्न दलों के बड़े नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों का जमावड़ा लगा। इस आयोजन से पूर्व राजद सहित विभिन्न दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के स्मारक पर माल्यार्पण करते हुए शहादत दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों को काला कानून की संज्ञा देते हुए उनके वापस लिए जाने तक किसानों के आंदोलन को पूरी ताकत के साथ समर्थन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

किसान आंदोलन के समर्थन एवं कृषि कानूनों के खिलाफ 30 जनवरी को मानव श्रृंखला निर्माण का संकल्प एवं आह्वान राष्ट्रीय जनता दल की ओर से किया गया था जिसमें महागठबंधन में शामिल कई अन्य दल भी शामिल हुए। मानव श्रृंखला का आयोजन जिला मुख्यालय के गांधी स्मारक चौक सहित जिलेभर में किया गया। गांधी स्मारक के समीप बुधवार को सबेरे 11:30 बजे से यह आयोजन रखा गया था। इसके लिए जिले भर से लोग यहां जुटे थे।

मानव श्रृंखला में शामिल राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि कानून के उपबंधों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें वापस लेने की मांग केंद्र सरकार से की। उन्होंने किसानों तथा उनके आंदोलन के समर्थन में भी जमकर नारे लगाए। इस आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव तथा बिहार के पूर्व मंत्री जावेद इकबाल अंसारी सहित पूर्व विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम, वरिष्ठ राजद नेता राजीव कुशवाहा व ओम प्रकाश गुप्ता, युवा राजद के प्रांतीय नेता गुड्डू यादव, प्रमोद राऊत, विनोद यादव, अनिरुद्ध यादव, बमबम यादव एवं अबुल हासिम आदि ने  प्रमुख रूप से शिरकत की। मानव श्रृंखला में कांग्रेस के भी कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button