अपराधबांकारजौन

BANKA : डी एन एस कॉलेज में असामाजिक तत्वों का तांडव, जरूरी कागजात व लाखों के सामान उड़ाए

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले का प्रतिष्ठित दीप नारायण सिंह डिग्री कॉलेज, भुसिया, रजौन सोमवार की रात असामाजिक तत्वों के तांडव का केंद्र बना। असामाजिक तत्वों ने सोमवार की रात मेन गेट से लेकर प्राचार्य के कक्ष सहित कई विभागों एवं प्रयोगशालाओं का ताला तोड़कर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। असामाजिक तत्वों ने कॉलेज से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण कागजात भी चुरा लिए। बाकी के कागजात जहां-तहां तितर-बितर कर दिए। इस घटना ने बांका जिले के शैक्षिक जगत में सनसनी मचा दी है।

दीप नारायण सिंह डिग्री कॉलेज, भुसिया, रजौन

जानकारी के अनुसार कॉलेज की प्रयोगशालाओं के लिए 20 दिसंबर को तकरीबन 7 लाख रुपए मूल्य के कीमती सामान एवं उपकरण आए थे। अन्य कक्षों में भी काफी कीमती सामान रखे थे। बताया गया कि चोरों के वेश में असामाजिक तत्व रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित भागलपुर- दुमका मुख्य मार्ग से सटे कॉलेज के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और मुख्य रूप से प्राचार्य के कक्ष एवं सभी प्रयोगशालाओं को अपना निशाना बनाया। हालांकि उन्होंने कुल 11 कक्षों का ताला तोड़ा और जरूरी सामान निकाले।

असामाजिक तत्वों ने कॉलेज में कुछ इस तरह मचाया उत्पात

स्वयं प्राचार्य डॉ जीवन प्रसाद सिंह ने बताया कि यह काम असामाजिक एवं कॉलेज विरोधी तत्वों का है। उन्होंने इस आशंका को खारिज नहीं किया कि इसके पीछे स्थानीय राजनीति हो सकती है। वरना वैसे भी चोरों को कॉलेज के कागजात से क्या लेना देना! जबकि कई जरूरी और बहुत ही कीमती लग्जरी उपकरण कॉलेज में पड़े थे, जिन्हें उन्होंने हाथ भी नहीं लगाया। बताते हैं कि कॉलेज के कई मुख्य रजिस्टर एवं मूल कागजात गायब हैं। असामाजिक तत्वों ने प्राचार्य के कक्ष के साथ-साथ उनकी अलमारी भी तोड़ कर जरूरी कागजात एवं सामान निकाल लिए हैं। प्राचार्य ने इस घटना की सूचना रजौन थानाध्यक्ष को दी है। पुलिस दस्ता जांच के लिए मौके पर पहुंच गया है।

प्राचार्य ने बताया कि असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी किए गए सामान, उपकरण एवं कागजातों की सूची बनाई जा रही है। अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्होंने क्या-क्या सामान एवं कौन-कौन से कागजात उड़ाए हैं। बहरहाल, इस घटना की जिले भर में चर्चा है। शैक्षणिक जगत में इस घटना ने सनसनी फैला दी है। खास बात है कि असामाजिक तत्वों ने इस घटना को सोमवार की रात अंजाम दिया, जबकि स्नातक कला पार्ट 3 की परीक्षा मंगलवार को होने वाली थी। प्राचार्य के मुताबिक परीक्षा पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ा है। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button