बांकाराजनीति

BANKA : तेजस्वी यादव के दौरे से महागठबंधन के प्रत्याशियों को मिली संजीवनी

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव (चुनाव डेस्क) : बांका जिले के अपने एक दिवसीय तूफानी दौरे में राजद एवं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नीतीश सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने तेज स्वर में हुंकार भरी.. ‘यदि हमारी सरकार बनती है तो हम बिहार के 10 लाख नौजवानों को तुरंत रोजगार देंगे।’ उन्होंने जिले के बांका सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियों के दौरान प्रमुखता से यह घोषणा की। तेजस्वी यादव के दौरे से मानो बांका जिले के महागठबंधन प्रत्याशियों को संजीवनी मिल गई है।

तेजस्वी यादव का बांका जिले में यह पहला चुनावी दौरा था। उन्होंने शनिवार को जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव रैलियों को संबोधित किया। अमरपुर में अपने चुटीले अंदाज में उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से ही सवाल दागा कि बताइए.. समान काम के लिए समान वेतन मिलना चाहिए कि नहीं? तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जाएगा।

अपनी सभाओं में तेजस्वी यादव ने कहा महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में रोजगार की कमी नहीं होगी। तुरंत 10 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जीविका को स्थाई सेवा का दर्जा दिया जाएगा। बिहार में अपना बिजली उत्पादन यूनिट स्थापित कर बिजली की दर आधी कर दी जाएगी। वृद्धावस्था पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1000 कर दिया जाएगा।

उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार विभिन्न मोर्चे पर बुरी तरह विफल रही है। उल जलूल कानून बनाए जा रहे हैं जिनका पालन नहीं हो पा रहा है और सरकार के पास उन्हें पालन कराने का माद्दा नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। सात निश्चय योजना से लेकर दूसरी तमाम योजनाओं में लूट का बाजार गर्म है। उन्होंने कहा शराबबंदी एक तमाशा है जिसकी आड़ में बहुत कुछ चल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न हिस्से में फंसे बिहारी मजदूरों के साथ सरकार के रवैया की भी लोगों को याद दिलाई। उन्होंने कहा जब लोगों को सरकार के मदद की जरूरत थी तब सरकार ने उनसे किनारा कर लिया, और जब उनकी घर वापसी हुई तो चुनाव की आहट को देखते हुए उन्हें बहलाने के लिए प्रलोभन दिए गए। लोग सरकार की नियत को समझ रहे हैं और इस चुनाव में इसका जवाब जरूर मिलेगा।

बांका जिले के सभी 5 सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। 4 सीटों पर राजद के प्रत्याशी हैं जबकि एक पर कांग्रेस के। राजद प्रत्याशी के रूप में बांका से पूर्व मंत्री जावेद इकबाल अंसारी, कटोरिया से निवर्तमान विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम, बेलहर से निवर्तमान विधायक रामदेव यादव एवं धोरैया से हाल ही में रालोसपा छोड़ कर आए पूर्व सांसद भूदेव चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अमरपुर से जितेंद्र सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। तेजस्वी यादव के बांका दौरे में वरिष्ठ राजद नेता राजीव कुशवाहा समेत सभी क्षेत्रों के महागठबंधन प्रत्याशी उनके साथ थे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button