बांका : राष्ट्रीय जनता दल ने नागरिकता संशोधन कानून के साथ-साथ एनसीआर एवं एनपीआर के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। इनके खिलाफ आंदोलन के लिए राजद कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर रविवार की शाम बांका जिला मुख्यालय सहित जिले के कई प्रखंडों में राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर सीएए, एनसीआर एवं एनपीआर के खिलाफ रोष पूर्ण प्रदर्शन किया तथा प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का पुतला फूंका।
पार्टी नेतृत्व के राज्य व्यापी आह्वान पर कल शाम बांका में राजद कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय की सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए नागरिकता संशोधन कानून, एनसीआर तथा एनपीआर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी करते हुए राजद कार्यकर्ता गांधी चौक पहुंचे तथा वहां प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान राजद कार्यकर्ता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ भी नारेबाजी कर रहे थे।
इस मौके पर प्रमुख राजद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन कानून, एनपीआर तथा प्रस्तावित एनसीआर भेदभाव पूर्ण है और इनसे भाईचारा नष्ट होकर देश की गंगा जमुनी संस्कृति एवं सद्भाव नष्ट होंगे। इन कानूनों को राजनीतिक स्वार्थ और वोट की राजनीति के लिए अमलीजामा पहनाया जा रहा है, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में राजद नेता मोहम्मद अबुल हासिम, जमीरुद्दीन, अर्जुन ठाकुर, अनिरुद्ध यादव, बमबम यादव, चक्र सुदर्शन, पप्पू यादव, गौतम गोरे, पंकज यादव, रोहित राज शर्मा, बबलू ठाकुर, गौरव झा आदि ने प्रमुख रूप से भाग लिया।
उधर बेलहर प्रखंड मुख्यालय में राजद कार्यालय के समक्ष स्थानीय विधायक रामदेव यादव के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। जबकि अमरपुर में भी राजद कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष घनश्याम भगत एवं राजीव सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन तथा प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का पुतला दहन किया।
इस मौके पर वरिष्ठ राजद नेता राजीव सिंह कुशवाहा ने कहा कि सिर्फ वोट की राजनीति के तहत केंद्र की भाजपा सरकार ऐसे भेदभावकारी कानून लाने की साजिश कर रही है। इससे देश के एक बड़े वर्ग में असुरक्षा का माहौल बन गया है। अल्पसंख्यकों को अपनी सुरक्षा का भय सताने लगा है। राजद समेत तमाम धर्मनिरपेक्ष दल धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पार्टी की किसी भी ऐसी साजिश को मुकम्मल नहीं होने देंगे।