अपराधचांदनझारखंडबांका

BANKA : पुलिस ने दिखाई सख्ती तो पकड़े गए 9 महिलाओं समेत 10 अंतरजिला तस्कर, भारी मात्रा में गैरकानूनी सामग्री बरामद

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : पुलिस अगर सख्ती दिखाए तो अपराध का परिंदा पर भी नहीं मार सकता। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो एक ही दिन में पकड़ लिए गए 9 महिलाओं समेत 10 अंतरजिला तस्कर, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी महिलाएं एवं एकमात्र पुरुष मुंगेर जिले के हैं जो झारखंड के देवघर से छिपाकर अलग-अलग वाहनों में मुंगेर जिले के लिए शराब ले जा रहे थे।

मामला बांका जिले के सीमावर्ती चांदन थाना क्षेत्र का है। चांदन थानाध्यक्ष ने सुरक्षा बलों के साथ प्रखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर चांदन- देवघर मार्ग में पांडेयडीह के समीप मंगलवार को चेक पोस्ट लगाया। पुलिस ने देवघर से आने वाले वाहनों की जांच पड़ताल शुरू की तो इस दौरान चार ऑटो रिक्शा पर बैठी 9 महिलाएं शराब के साथ धरी गईं। वे यह शराब देवघर से ला रही थीं जिन्हें लेकर वे मुंगेर जा रही थीं।

इसी दौरान एक यात्री बस पर भी चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में लिया गया। उसके पास से भी एक बैग में अवैध शराब बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार की गई महिलाओं का सरगना बस पर सवार यही व्यक्ति था जो महिलाओं से अलग-अलग वाहनों के जरिए किस्तों में शराब की तस्करी करवा रहा था। उक्त पुरुष एवं 9 महिलाओं से तलाशी के दौरान अलग-अलग झोले और बैग में कुल 578 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी लोग मुंगेर जिले के हैं और वे देवघर से शराब लेकर मुंगेर ही जा रहे थे। गिरफ्तार 9 महिलाओं में पांच जमालपुर की हैं जबकि चार पूर्वसराय मुंगेर की। गिरफ्तार किया गया पुरुष मुंगेर जिले के ही असरगंज का रहने वाला बताया गया है। जप्त की गई शराब की मात्रा 178.950 लीटर है।

दरअसल बिहार में शराबबंदी के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में तस्करी के जरिए शराब की आपूर्ति झारखंड से होती है। कई बार दूसरे सुदूरवर्ती राज्यों से भी यहां शराब की खेप लाई जाती है। झारखंड से होने वाली शराब तस्करी के लिए बांका जिले की सड़कें आमतौर पर इस्तेमाल होती हैं। पुलिस प्रशासन और एक्साइज डिपार्टमेंट की लगातार हो रही कार्रवाइयों के दौरान पकड़े गए शराब तस्करी के मामले भी इस तथ्य को रेखांकित करते हैं।

हाल के कुछ महीनों के दौरान मुंगेर जिला तस्करी के जरिए शराब की खपत करने वाला एक बड़ा बाजार बन गया है। पिछले कुछ दिनों के भीतर देवघर से चांदन- कटोरिया- बेलहर के रास्ते मुंगेर ले जाई जा रही शराब की बड़ी-बड़ी खेप कई बार इस जिले में पकड़ी गई है। वैसे क्षेत्र में जो चर्चा है उसके मुताबिक पुलिस ने आज सख्ती दिखाई तो शराब तस्कर पकड़े गए। जिस दिन पुलिस वाहनों की चेकिंग नहीं करती, उस दिन क्या तस्कर शराब लेकर इस जिले जिले की सड़कों से होकर बाहर नहीं निकल रहे! फिर पुलिस ऐसी कार्रवाइयों के लिए मुहूर्त की प्रतीक्षा क्यों करती है!


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button