बांका नगर संवाददाता : बांका जिले में कोई भी घर, दुकान या मोहल्ला चोरों और लुटेरों की पहुंच से दूर नहीं रहा है। ये अपराधी कहीं भी अपना हाथ साफ करने से बाज नहीं आ रहे। इस बार चोरों ने बाँका नगर में पुलिस की नाक के नीचे अपने कारनामे को अंजाम देने की हिमाकत की है। चोरी की इस घटना से बाँका में पुलिस की किरकिरी हो रही है। उधर चोरों द्वारा सब कुछ साफ कर लिए जाने के बाद तीन घरों के स्वामी सिर पर हाथ रखकर सिसकने को विवश हैं।
घटना बाँका शहर के मध्य सघन आबादी वाले श्रीराम नगर कॉलोनी मोहल्ले की है। यह मोहल्ला आजाद चौक और पुरानी ठाकुरबाड़ी चौक के बीच एसपी आवास के ठीक पीछे अवस्थित है जहां घनी आबादी बसती है।
इस मोहल्ले में चंद्रशेखर प्रसाद सिंह का घर है। इसी घर में चंद्रशेखर सिंह के परिवार के अलावा दो किराएदार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कर्मचारी कैलाश पासवान एवं न्यायालय कर्मी प्रवीण मंडल भी रहते हैं।
इधर जन्माष्टमी की छुट्टी थी। दोनों किराएदार अपने-अपने विभागों में मिली छुट्टी मनाने घर चले गए थे। मकान मालिक चंद्रशेखर सिंह का परिवार भी अपने एक रिश्तेदार के यहां जन्माष्टमी का त्योहार मनाने गया था।
इस दौरान चंद्रशेखर सिंह का मकान पूरी तरह सुना था और इसी सुनेपन का लाभ उठाते हुए चोरों ने मकान मालिक और उनके दोनों किरायेदारों के घरों और कमरे में इत्मीनान से चोरी कर करीब ₹10 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया।
जन्माष्टमी के बाद कल जब मकान मालिक की पत्नी सुजाता देवी वापस अपने घर पहुंची तो घर की स्थिति देख पूरा माजरा उनकी समझ में आ गया। चोरों ने उनकी पूरी संपत्ति साफ कर ली थी। किरायेदारों के कमरे का ताला तोड़कर भी चोरों ने चोरी कर ली थी।
घर के लोगों ने बताया कि रविवार दोपहर बाद वे यहां पहुंचे तो घर के कमरे और अलमारी आदि का ताला टूटा हुआ देखा। पड़ताल करने पर पता चला कि चोरों ने उनके सभी कीमती सामान और जेवरात चुरा लिए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
इस बीच पुलिस देर से ही सही मौके पर पहुंची और स्थिति का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है। ज्ञात हो कि बाँका शहर तथा आसपास के इलाके में ही नहीं, पूरे जिले में चोरी, छिनतई और लूट की घटनाएं इन दिनों आम हो गई हैं। लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस औपचारिक कार्रवाई कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर रही है। लोग कानून और व्यवस्था की वर्तमान स्थिति को लेकर संतुष्ट नहीं हैं।