अपराधबांका

BANKA : एक ही समुदाय के दो पक्षों में झड़प, पथराव व बम विस्फोट, पुलिसकर्मी समेत 3 जख्मी, 8 गिरफ्तार

Get Latest Update on Whatsapp

ब्यूरो रिपोर्ट : बांका जिला अंतर्गत पंजवारा थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में रविवार की देर रात एक ही समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। बमबारी भी हुई। पुलिस ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। लेकिन यह प्रयास भी विफल रहा। इस घटना में एक पुलिसकर्मी तथा एक महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए हैं। घटना को लेकर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस बीच खबरों के अनुसार कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। घटनास्थल और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। जख्मियों को इलाज के लिए ले जाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मोहर्रम पर ताजिए के पहलाम के पहले और बाद में करने के विवाद में बात बढ़ गई और मामला झड़प तक पहुंच गया।

ज्ञात हो कि इस बार कोरोना संकट और लॉक डाउन की वजह से मोहर्रम के मौके पर ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस दिए जाने पर रोक थी। संबंधित समुदाय के धर्म गुरुओं और जिला प्रशासन की ओर से भी मोहर्रम पर ताजिया जुलूस नहीं निकालने की हिदायत की गई थी। फिर भी अनौपचारिक रूप से सबलपुर गांव में कुछ लोगों ने ताजिए के पहलाम तथा अखाड़ा खेलने का उपक्रम किया।

बताते हैं कि मोहर्रम पर प्रतीकात्मक रूप में बनाए गए ताजिए का पहलाम करना था। कुछ लोग अखाड़ा खेल रहे थे। जबकि कुछ लोगों ने ज्यादा रात हो जाने की वजह से जल्दी पहलाम करने की बात कही। जबकि दूसरे पक्ष ने जल्दबाजी में पहलाम करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया।

विवाद कुछ इस कदर बढ़ा कि इसने झड़प का रूप ले लिया। दोनों ओर से मार पिटाई और पथराव होने लगे। इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन वे नहीं माने। इस बीच रात के अंधेरे में ही घटनास्थल पर ताबड़तोड़ बम विस्फोट होने लगे। इससे दोनों पक्षों के लोगों में अफरा तफरी मच गई। झड़प में पंजवारा थाना के एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल है।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजवारा के अतिरिक्त कई अन्य थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में सशस्त्र बल तैनात हैं। पुलिस के सीनियर पदाधिकारी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button