BANKA : बारात निकलने से पहले ही युवक की करंट लगने से गई जान, मचा कोहराम

बांका (ब्यूरो रिपोर्ट) : पूरा घर परिवार विवाह समारोह के जश्न के माहौल में डूबा हुआ था। शाम को छोटे भाई की बारात निकलने वाली थी। बड़े भाई को भी बारात जाना था। सो वह तैयारियों में लगा था। एकाएक कुछ ऐसा हुआ कि पूरा घर जश्न की बजाए गम के माहौल में डूब गया। डीजे संगीत की आवाज दब गई और क्रंदन का शोर गूंज उठा! खिले हुए चेहरे शोकाकुल हो उठे। यह शब्द चित्र कहीं अन्यत्र नहीं, बल्कि बिहार के बांका जिले के एक गांव में हुई घटना का है।

खबरों के अनुसार बिहार के बांका जिला अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बाराटांड़ गांव के एक परिवार में शादी के जश्न का माहौल था। घर के लड़के की शादी जो थी। बुधवार की शाम बारात निकलने वाली थी। लड़के का बड़ा भाई 25 वर्षीय राजेश यादव भी बारात जाने की तैयारियों में लगा था। इन्हीं तैयारियों के बीच बारात जाने से पूर्व उसने स्नान किया। जिसके बाद वह भींगे हुए कपड़े सुखने देने के लिए अलगनी पर टांगने गया।

लेकिन घरवाले बताते हैं कि दुर्भाग्य से इसी अलगनी से सटे गुजरने वाले बिजली तार का एक हिस्सा लीक था जो अलगनी से टच कर रहा था। इसी वजह से बिजली का करंट अलगनी में भी आ रहा था। ज्योंही राजेश ने अलगनी पर भीगे हुए कपड़े डाले, वह करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद तो मानो कोहराम मच गया। करंट लगने से राजेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हो हल्ला सुनने के बाद घर के लोग वहां दौड़े और किसी तरह घर की बिजली ऑफ की। युवक के मामा ने करंट वाले तार के समीप से उसे हटाने की कोशिश की। घर की बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद युवक को गंभीर हालत में परिजन अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इस मामले की रिपोर्ट पुलिस तक भी पहुंची है। पुलिस जांच कर रही है। अलबत्ता उधर इस हादसे के बाद विवाह की वजह से जश्न के माहौल वाले घर में शोक और क्रंदन का माहौल बन गया है। गांव वाले भी इस हादसे से हतप्रभ हैं।

Exit mobile version