BANKA : लॉकडाउन को लेकर जिला प्रशासन सख्त, DM ने दिया कड़ाई से पालन का आदेश
बांका लाइव ब्यूरो : कल से शुरू हो रहे 16 दिनों के लॉकडाउन को लेकर बांका जिला प्रशासन ने सख़्ती के संकेत दिए हैं। जिला अधिकारी सुहर्ष भगत ने इस संबंध में जिले में विभिन्न स्तरों पर नीचे से लेकर ऊपर तक के अधिकारियों को सख्त आदेश जारी किया है।

बांका सहित पूरे बिहार में कोरोना संक्रमण की विस्फोटक होती स्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे बिहार प्रदेश में 16 से 31 जुलाई तक संपूर्ण लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा भी इस संबंध में आवश्यक गाइडलाइंस जारी किए गए हैं। राज्य सरकार के गाइडलाइंस को संपूर्ण रुप में बांका जिले में भी लागू करने को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
जिलाधिकारी सुहर्ष भगत ने इस सिलसिले में बांका जिले के सभी पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को राज्य के गृह मंत्रालय व गृह सचिवालय के गाइडलाइंस पर आधारित लॉकडाउन को बांका जिले में संपूर्ण रूप से लागू करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने अपने पत्र में कहा है कि इस संदर्भ में गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में निर्गत आदेश 40-3/ 2020 DM- 1 (A) 29.6.2020 को भी प्रभावी रखा गया है। इसे ध्यान में रखते हुए 16 से 31 जुलाई तक जारी रहने वाले लॉक डाउन को बांका जिले में पूर्णता से लागू कराया जाए।
उन्होंने राज्य सरकार के गृह मंत्रालय एवं गृह सचिवालय के निर्देशों के आलोक में कहा है कि प्रस्तावित लॉकडाउन में अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं प्रतिबंधित रहेंगी। जिलाधिकारी इस निर्देश पत्र में एसपी, एडीएम, डीडीसी एवं एसडीएम से लेकर प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी/ थानाध्यक्ष एवं नगर निकायों में कार्यपालक पदाधिकारियों को भी टैग किया गया है।