BANKA : ककवारा हटिया में भीड़-भाड़ के दौरान हुआ वज्रपात, चपेट में आए कई लोग, एक महिला गंभीर

बांका लाइव ब्यूरो : बांका सदर प्रखंड के ककवारा हटिया में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एकाएक तेज बारिश के साथ वज्रपात भी होने लगा। ऐन ककवारा हाट में भी वज्रपात हुआ जिससे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर हो गई। वज्रपात की चपेट में आकर वह मौके पर ही बेहोश हो गई जिसे फौरन बांका सदर अस्पताल लाया गया।

रविवार को ककवारा में इलाके का नामी ग्रामीण हाट लगता है जहां काफी भीड़भाड़ होती है। आज भी ककवारा में हाट लगा था। शाम को करीब 4:30 बजे के आसपास हाथ में जब काफी भीड़भाड़ थी तभी जोरदार बारिश होने लगी। लोग इधर-उधर छिपने लगे। इसी दौरान एक पेड़ के नीचे कुछ लोग जमे थे जिनमें ग्राहक और विक्रेता दोनों शामिल थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी दौरान लगातार वज्रपात भी हो रहा था। लोग सहमे हुए थे कि तभी एक पेड़ पर वज्रपात हुआ जिससे इसके नीचे खड़े कई लोग इसकी चपेट में आ गए। कई लोगों को वज्रपात का झटका लगा। इनमें से एक महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। बताया गया कि महिला कटहल बेचने के लिए किसी गांव से हटिया में आई थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बांका सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज किया गया।

Exit mobile version