BANKA : करंट लगने से मजदूर की हुई मौत, खाना बनाने के दौरान युवती झुलसी, स्थिति गंभीर

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों में जहां करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं एक अन्य घटना में खाना बनाने के दौरान झुलसने से एक विवाहिता युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन बेहद गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार बांका सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककवारा हाई स्कूल में पत्थर की घिसाई का काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि वह अपने चाचा के साथ इस काम के लिए पहुंचा था। काम के दौरान किसी तरह करंट युक्त नंगी तार की चपेट में वह आ गया जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक बांका सदर प्रखंड के ही महेशाडीह गांव का रहने वाला बताया गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जब युवक को करंट लगी तो उसे बचाने की कोशिश में वहीं मजदूरी का काम कर रहे उसके चाचा की भी करंट लगने से स्थिति गंभीर हो गई, जिसे फौरन एक ऑटो से सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज किया गया।

खाना बनाने के दौरान युवती झुलसी : हादसे की कड़ी में एक अन्य बुरी घटना जिले के बौंसी प्रखंड अंतर्गत अंगारु गांव में हुई जहां खाना बनाने के दौरान रेखा देवी नामक 24 वर्षीय विवाहिता युवती झुलसने से गंभीर रूप से घायल हो गई। वह पंकज लैया की पत्नी बताई गई है।

उसे फौरन एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने अत्यंत गंभीर हालत को देखते हुए उसे भागलपुर रेफर कर दिया। परवारिक सूत्रों के मुताबिक खाना बनाने के दौरान जलावन में केरोसिन तेल ज्यादा पड़ जाने की वजह से आग भभक गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

Exit mobile version