BANKA : कोरोना से हुई थी महिला की मौत, पति को मिला 4 लाख का मुआवजा

बांका लाइव ब्यूरो : बांका में कोरोना संक्रमण की वजह से हुई एक महिला की मौत के सिर्फ एक महीने के भीतर उसके पति को मुआवजे की राशि प्रदान कर दी गई है। मृत महिला के पति को मुआवजे के तौर पर चार लाख का चेक प्रदान किया गया। यह मामला बांका शहर का है।

चेक प्रदान करके ट्रेजरी ऑफिसर

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त की शाम जिला कोषागार पदाधिकारी नवल किशोर यादव ने मृतका के पति को मुआवजे के तौर पर 4 लाख की राशि का चेक प्रदान किया। जिला कोषागार पदाधिकारी ने यह राशि जिलाधिकारी की ओर से प्रदान किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर सुधीर कुमार महतो, जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यक्रम प्रबंधक प्रभात कुमार राजू एवं सदर अस्पताल के हेड क्लर्क रोहित कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।

बांका शहर के पुरानी बस स्टैंड में रहने वाले कारू पंडित की पत्नी सुदामा देवी की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से गत माह 15 जुलाई को हो गई थी। सुदामा देवी कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद इलाज के लिए बांका के लकड़ीकोला स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थी।

आइसोलेशन वार्ड में कई दिनों तक भर्ती रहने के बाद सुदामा देवी की स्थिति बिगड़ गई थी। जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया था। लेकिन भागलपुर ले जाए जाने से पूर्व ही उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और अंततः महिला सुदामा देवी की मौत हो गई।

इस घटना के सिर्फ एक महीने के भीतर जिलाधिकारी सुहर्ष भगत की तत्परता से एवं उन्हीं की ओर से आपदा सहायता के रूप में मृतका सुदामा देवी के पति कारू पंडित को जिला कोषागार पदाधिकारी नवल किशोर यादव ने 4 लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया। ज्ञात हो कि सुदामा देवी बेहद गरीब परिवार से थी और सड़क पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करती थी।

Exit mobile version