BANKA : चोरी के आरोप में मॉब अटैक का शिकार हुआ युवक, हालत गंभीर

बांका लाइव ब्यूरो : चोरी के आरोप में एक युवक मॉब अटैक का शिकार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि उसे चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई। पिटाई के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसका इलाज पहले रजौन अस्पताल में कराया गया। फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया।

प्रतीकात्मक चित्र

मामला बांका जिला अंतर्गत रजौन थाना क्षेत्र के असौता गांव का है। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक ने दो घरों में घुसकर चोरी का प्रयास किया। एक घर में चोरी कर वह निकल गया। लेकिन दूसरे घर में वह चोरी के प्रयास में रंगे हाथ धरा गया। पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।

बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। जख्मी युवक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के सुजीत कुमार उर्फ छोटू के रूप में की गई है। उसे इलाज के लिए पहले रजौन अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। युवक के विरुद्ध ताजा मामले में अजीतनगर गांव की एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

Exit mobile version