बांका लाइव (शंभूगंज) : तेज रफ्तार की वजह से बांका जिले की सड़कों पर हादसों का सिलसिला जारी है। ताजा हादसा बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंभूगंज- असरगंज मार्ग पर हुआ जहां दो तेज रफ्तार बाइक के आमने सामने टकरा जाने से उन पर सवार एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को अपराहन शंभूगंज- असरगंज मुख्य मार्ग पर मोकहरी के समीप दो तेज रफ्तार बाइक की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई, जिसमें असरगंज के सन्नी चौधरी एवं उनकी पत्नी वर्षा देवी तथा बिशनपुर गांव के पंकज यादव एवं अभिषेक कुमार बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। इनमें सन्नी चौधरी की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें स्थानीय अस्पताल से भागलपुर रेफर किया गया है।
बताया गया कि गुरुवार को अपराहन असरगंज के सन्नी चौधरी और उनकी पत्नी वर्षा देवी झारखंड के गोड्डा स्थित अपनी बहन के घर से वापस अपने घर असरगंज लौट रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार विशनपुर गांव निवासी पंकज यादव एवं अभिषेक कुमार शादी का कार्ड पहुंचाने फुल्लीडुमर के नगड्डी गांव जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही मोकहरी के पास यह हादसा हो गया।