BANKA : बदला मौसम का मिजाज, आज दोपहर बाद हो सकती है बारिश

बांका लाइव ब्यूरो : बेशक, यह दिसंबर का महीना है और इस महीने में मौसम का कड़क मिजाज लाजिमी है। हिंदी सौर वर्ष के मुताबिक भी पूस का महीना आरंभ हो चुका है। महीने और मौसम का बदलाव सापेक्ष है। यही वजह है कि बदले महीने के साथ-साथ पिछले कई रोज से मौसम का भी बदला हुआ मिजाज महसूस किया जा रहा है। 


ठंड बढ़ गई है। विगत 2 दिनों से आसमान में बादल घिरे हैं। इससे पहले तेज हवा ने भी मौसम के बदलाव को गति दी। कल दिन भर सूरज के साथ बादलों की आंख मिचौली जारी रही। आज शुक्रवार को भी सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि आज दोपहर बाद क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है।


मौसम विभाग के अनुसार बांका तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना करीब 40% है। माना जा रहा है कि बारिश बूंदाबांदी तक ही सीमित रहेगी। लेकिन मौसम के ताजा रुख को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने रविवार से क्षेत्र में पारे की लगातार गिरावट का अनुमान व्यक्त किया है।


मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक काफी ठंड रहेगी। न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेंटीग्रेड तक रिकॉर्ड किया जाएगा। आशंका है कि न्यूनतम तापमान इससे भी ज्यादा कम हो सकता है। तापमान की गिरावट रविवार से ही आरंभ हो जाएगी। आज शुक्रवार को क्षेत्र में अधिकतम तापमान 25 डिग्री जबकि न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने का अनुमान है। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री एवं न्यूनतम 15 डिग्री, सोमवार को अधिकतम 24 डिग्री व न्यूनतम 14 डिग्री, मंगलवार को अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री एवं बुधवार को अधिकतम 22 डिग्री एवं न्यूनतम 10 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है।

Exit mobile version