BANKA : बारात से लौट रहे युवक की बाइक दुर्घटना में हुई मौत, मचा कोहराम

बांका लाइव ब्यूरो : बारात से लौट रहे एक युवक की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृत युवक बांका सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उसकी मौत की खबर सुनने के बाद परिवार और समाज में कोहराम मच गया। यह हादसा बुधवार को तड़के भागलपुर- हंसडीहा रोड में बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम बाजार के समीप हुआ।

प्रतीकात्मक तस्वीर

जानकारी के अनुसार बांका सदर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी नकुल राउत का 34 वर्षीय पुत्र दीपक राउत अपने दो साथियों के साथ बौंसी के डैम रोड स्थित बंधुआ कुरावा थाना क्षेत्र के कुरावा गांव में बारात अटेंड करने गया था। तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार होकर बारात गए थे। सुबह सुबह दीपक राउत को कुछ जरूरी काम से अपने घर रामपुर लौटने की जरूरत हो गई।

उसने अपने साथ गए दोनों साथियों से भी कुछ जरूरी काम से घर वापस लौटने की बात बताई। हालांकि उसके दोनों दोस्त बाराती में ही रह गए। फल स्वरूप दीपक राउत अपनी बाइक से अकेले वापस अपने घर के लिए रवाना हुआ। तड़के करीब 3:00 बजे के आसपास जब वह श्याम बाजार के समीप से होकर गुजर रहा था, तभी शायद घने कोहरे या नींद की वजह से उसकी बाइक एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई।

खबरों के मुताबिक इस हादसे में जहां बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं दीपक राउत की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। इस बीच परिजनों को भी इस हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। इस हादसे में दीपक राउत के परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर में कोहराम मचा है। दीपक राउत को दो बेटियां और एक बेटा भी है।

Exit mobile version