BANKA : बिजली का करंट लगने से किशोर की मौत, एक महिला भी जख्मी

कटोरिया (बांका) : कटोरिया थाना क्षेत्र के दो अलग- अलग जगहों पर बिजली की करंट लगने से बुधवार को एक किशोर की मौत एवं एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। मृतक किशोर थाना क्षेत्र के बहदिया गांव के मंडल टोला निवासी महेश मंडल का 12 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार बताया गया है।

जबकि जख्मी महिला भूलिया देवी (40 वर्ष) थाना क्षेत्र के राधानगर निवासी नरसिंह यादव की पत्नी बताई गई है। दोनों घटना घर में काम करने के दौरान बिजली के करंट लगने से घटित होने की बात बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार उक्त किशोर अपने घर में बिजली की तार मरम्मत कर रहा था। इस दौरान नंगे तार के संपर्क में आने से उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।

परिजनों द्वारा आनन- फानन में इलाज के लिए उसे कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक बिनोद कुमार द्वारा जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना में जख्मी महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक एसडी मंडल ने देवघर रेफर कर दिया।

Exit mobile version