बांका लाइव ब्यूरो : वाहनों से अवैध वसूली करते एक फर्जी डीटीओ को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई बांका जिला अंतर्गत शंभूगंज थाना क्षेत्र में की गई है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति वाहनों से अवैध वसूली करते वक्त नशे में धुत था। स्थानीय लोगों को आशंका हुई तो पकड़ कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार उक्त युवक डीटीओ बनकर बांका जिला अंतर्गत शंभूगंज- असरगंज मुख्य मार्ग पर रायपुरा चौक के निकट आते-जाते वाहनों के कागजातों की जांच कर रहा था। इस दौरान मार्ग पर अपनी बारी की प्रतीक्षा में दर्जनों वाहन लग गए। यह नजारा देख बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। भीड़ में से किसी को कथित पदाधिकारी बन कर वाहनों के कागजात जांच रहे युवक पर आशंका हुई।
स्थानीय लोगों ने महसूस किया कि युवक नशे में धुत था। पूछताछ के बाद उसकी पोल खुल गई। कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर थाना ले गई। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि युवक ने अपना नाम दीनबंधु झा, ग्राम मजदी, थाना सुल्तानगंज, भागलपुर बताया है।
इस बीच युवक को गिरफ्तार कर लिए जाने के बाद अल्कोहल जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि अल्कोहल जांच की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक ट्रक चालक ने लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।