BANKA : 5 दिनों तक रही गणेशोत्सव की धूम, आज विसर्जन

बांका लाइव ब्यूरो : बांका सहित जिलेभर में चल रहे गणेशोत्सव की धूम पर आज विराम लग गया। धूमधाम से आयोजित गणपति पूजन के बाद 5 दिनों तक जगह-जगह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। गणपति गजानन के जयकारे से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान रहा। इसी धूम और जयकारे के साथ आज सिद्धिविनायक भगवान गजानन गणपति का भक्तिपूर्वक विसर्जन किया गया।

इस बार बांका शहर में भी अनेकों स्थानों पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेशोत्सव आयोजित हुआ। मुख्य आयोजन शहर के पूर्वी हिस्से में स्थित चांदन नदी के तट पर अवस्थित बाबा भयहरण स्थान वासंती दुर्गा एवं तारा मंदिर परिसर में हुआ जहां भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर वैदिक विधि विधान के साथ पूजा, आरती, हवन एवं स्तवन किया गया।

विगत 2 सितंबर को प्रतिमा प्रतिस्थापन के बाद के 5 दिनों तक आयोजन स्थल पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गजानन प्रतिमा के दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। आयोजन स्थल पर चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों एवं भक्ति संगीत की गूंज पूरे शहर में सुनाई देती रही जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो होता रहा।

वासंती दुर्गा पूजा एवं तारा मंदिर परिसर समिति के अध्यक्ष अजय चौहान ने बताया कि यहां गणेश उत्सव का आयोजन सुभाष स्पोर्टिंग क्लब करहरिया के द्वारा किया जाता है। इस बार यह क्लब का 24 वां आयोजन था। आयोजन के लिए संपूर्ण परिसर को रंगीन बल्बों के झालर से सजाया गया। भव्य पंडाल, फेस्टून एवं गेट आदि भी बनवाए गए। आयोजन की सफलता के लिए श्री चौहान के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र भगत, गौतम चौधरी आदि ने आयोजकों को बधाई दी है।

Exit mobile version