अपराधबांका

BANKA, BIHAR : बांका में अतिक्रमण हटा रहे मजिस्ट्रेट व पुलिस जवानों पर हमला, CO गंभीर रूप से घायल, कई जवान भी चोटिल

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव न्यूज़ : बांका शहर में शनिवार को लक्ष्मीनारायण पुरानी ठाकुरबाड़ी के बगीचे से अतिक्रमण हटाने पहुंचे पुलिस और प्रशासन के दस्ते पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। इस हमले में बांका के अंचलाधिकारी अमित कुमार रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में कई पुलिस जवानों को भी चोटें आयीं। हमलावर अतिक्रमणकारी इतने उग्र थे कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों व जवानों को जान बचाकर निकलना पड़ा।

हमले में बुरी तरह जख्मी अंचलाधिकारी अमित कुमार रंजन को सिर में गहरी चोट लगी है। उन्हें फौरन इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले जाया गया। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। इस हमले में कई पुलिस जवानों को भी चोटें लगने की खबर है। हमलावरों ने जेसीबी चालक को भी नहीं बख्शा और उन पर भी लाठी-डंडे बरसाए। जिस समय प्रशासन और पुलिस के दस्ते पर अतिक्रमणकारियों ने हमला किया, उस वक्त सुरक्षाबलों की संख्या काफी कम थी। फलस्वरूप प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के जवानों को पीछे हटना पड़ा।

दरअसल कई दिनों से प्रशासन की ओर से बांका शहर के ऐतिहासिक पुरानी ठाकुरबाड़ी के जमुआ जोर पुल के समीप अवस्थित बगीचे में किए गए अतिक्रमण को खाली करने की चेतावनी दी जा रही थी। चेतावनी इससे पहले भी दी गई थी और अभी एक माह भी नहीं हुए, उन्हें बलपूर्वक हटाया भी गया था। लेकिन प्रशासन के सुस्त पढ़ते ही अतिक्रमणकारी एक बार फिर से सक्रिय हो गए और सभी पुराने अतिक्रमणकारी एक एक कर पुरानी ठाकुरबाड़ी के बगीचे पर क़ाबिज़ होते चले गए।

शुक्रवार को एक बार फिर से अंचलाधिकारी एवं बांका नगर परिषद के पदाधिकारियों की टीम पुरानी ठाकुरबाड़ी के इस भूखंड पर पहुंचे और किए गए अतिक्रमण को तुरंत खाली करने का निर्देश दिया। प्रशासन शुक्रवार को ही अतिक्रमण हटाने के लिए बल प्रयोग करने के मूड में था, लेकिन अतिक्रमणकारियों की विनती के बाद कि वे एक दिन में अतिक्रमण हटा लेंगे, प्रशासन ने अपनी कार्रवाई शुक्रवार को स्थगित कर दी और उन्हें इसके लिए समय दिया। लेकिन उन्होंने शनिवार तक अपना अतिक्रमण नहीं हटाया।

फलस्वरूप शनिवार को एक बार फिर से प्रशासन एवं नगर परिषद के पदाधिकारी सुरक्षा बलों के साथ बगीचे में पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन कुछ अतिक्रमणकारी हटने के मूड में नहीं थे। लिहाजा प्रशासन को उनके साथ सख्ती करनी पड़ी। इसी दौरान कहते हैं कि किसी युवक को जेसीबी से चोट लग गई, जिसके बाद गोलबंद अतिक्रमणकारी उग्र होकर प्रशासन के पदाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों पर टूट पड़े।

उन्होंने एकाएक पदाधिकारियों और पुलिस जवानों पर हमला कर दिया। हमले में उन्होंने लाठी-डंडे और ईट- पत्थरों का जमकर इस्तेमाल किया। इसी दौरान किसी ने अंचलाधिकारी के सिर पर पत्थर दे मारी, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद तो अतिक्रमणकारी हावी हो गए और उन्होंने अतिक्रमण हटाने गए प्रशासन की टीम के सदस्यों एवं सुरक्षा बल के जवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। स्थिति की गंभीरता को भांप प्रशासन को पीछे हटना पड़ा।

जख्मी अंचलाधिकारी को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इस घटना की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों के साथ प्रशासन के अधिकारी एक बार फिर से अतिक्रमण हटाने पुरानी ठाकुरबाड़ी के बगीचे में पहुंचे। इस बार उन्होंने पूरी सख्ती दिखाई और बगीचे पर किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान 4 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं, पुलिस सूत्रों ने बताया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में कई नामजद और करीब तीन दर्जन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button