BANKA BIHAR : बांका में वज्रपात का कहर, 7 की मौत, आधा दर्जन घायल, दर्जनभर मवेशियों की भी मौत

बिहार के बांका जिले में शनिवार को वज्रपात का कहर मौत बनकर बरपा। वज्रपात की चपेट में आने से इस जिले में 4 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई। जिले के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार की दोपहर बाद बड़े पैमाने पर हुई वज्रपात से झुलस कर आधा दर्जन लोग घायल भी हो गए। वहीं दो अलग-अलग जगहों पर हुई वज्रपात की चपेट में आने से दर्जनभर मवेशियों की भी मौत हो गई। इन हादसों की वजह से जिले भर में कोहराम मचा हुआ है।

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले में शनिवार को दोपहर बाद हुई तेज बारिश के दौरान अलग-अलग हिस्सों में ताबड़तोड़ वज्रपात की घटनाएं हुई। बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत बिरनिया गांव में रिश्ते में देवर- भाभी की मौत वज्रपात की चपेट में आकर हो गई। बताया गया कि लेरूआटांड़ गांव निवासी योगेंद्र यादव के 18 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार एवं जितेंद्र यादव की पत्नी 30 वर्षीय रेखा देवी की मौत शनिवार को दोपहर बाद वज्रपात से झुलस कर हो गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार दीपक कुमार खेत में रोपाई का कार्य कर रहे मजदूरों के लिए भोजन लेकर गया था। इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। वज्रपात भी लगातार हो रहे थे। ऐसे में वे सभी घर की ओर निकल लिए लेकिन रास्ते में ही वज्रपात की चपेट में आ गए। इनमें दीपक कुमार और रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य महिला चकाई प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव निवासी अयोधी यादव की पत्नी मुनमा देवी गंभीर रूप से झुलस गई जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

चानन प्रखंड के बिरनिया पंचायत के ही रेहड़वा बहियार में वज्रपात की एक अन्य घटना में झुलस जाने से खेतों में काम कर रही चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घायलों में पार्वती देवी, शीला देवी एवं रुका देवी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जिनमें रुका देवी को गंभीर हालत में सघन चिकित्सा के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है।

इधर कटोरिया प्रखंड में भी वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक नवयुवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। प्रखंड के तुलसीवरण गांव के समीप बहियार से अपने मवेशी लेकर वापस घर लौट रहे डिबू पंडा के 17 वर्षीय युवक लालधारी पंडा की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक दर्वेपट्टी का रहने वाला था।

इसी प्रखंड के जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लकरामा पंचायत के केरवार गांव में वज्रपात से 15 वर्षीय किशोर शैलेश कुमार की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं गुड़िया देवी एवं प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि मृतक शैलेश कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था जो घटना के वक्त खेतों में अपने मवेशी चरा रहा था। वह लकरामा हाई स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था।

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में भी शनिवार की दोपहर बाद हुए भीषण वज्रपात की चपेट में आकर एक आंगनबाड़ी सहायिका तथा एक किशोरी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रखंड के कासपुर गांव निवासी सुभाष साह की पत्नी 30 वर्षीय लक्ष्मी देवी आंगनवाड़ी सहायिका थी जो अपने खेतों में धान रोप रही थी। उसी दौरान वज्रपात हुआ जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

अमरपुर प्रखंड के ही बाजा (भरको) गांव निवासी राजू मांझी की बेटी 14 वर्षीय पुत्री राखी कुमारी की मौत भी शनिवार की दोपहर बाद वज्रपात से हो गई। बताया गया कि वह घटना के वक्त खेत पर थी। वज्रपात की एक अन्य घटना बौंसी प्रखंड के बंधुआकुराबा थाना क्षेत्र में हुई जहां गहिराजोर में धान की रोपाई कर रही एक महिला की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई।

वज्रपात ने मवेशियों पर भी घोर कहर बरपाया। मिली जानकारी के अनुसार जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड अंतर्गत नाढ़ापहाड़ निवासी किसान कामेश्वर यादव की पांच बकरियों की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। जबकि बेलहर प्रखंड क्षेत्र में भी वज्रपात से झुलस कर आधे दर्जन दुधारू भैंसों की मौत की खबर है। बताया गया कि ये मवेशी बारिश और वज्रपात के समय खेतों में चर रहे थे, जहां वज्रपात होने से झुलस कर उनकी मौत हो गई। वज्रपात के कहर ने शनिवार को बांका जिले में कोहराम मचा दिया।

Exit mobile version