BANKA Live IMPACT : बासुकीनाथ में सकुशल मिली लापता महिला तीर्थयात्री

बांका लाइव ब्यूरो : करीब 10 दिन पूर्व बांका के पौराणिक मंदार पर्वत के समीप से लापता 70 वर्षीय महिला तीर्थयात्री सकुशल वापस अपने घर लौट गई हैं। वह बासुकीनाथ धाम में मिलीं। उनकी परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। उनके इस प्रयास में बांका लाइव मीडिया भी सहयोग कर रही थी। बांका लाइव में इस आशय की खबर भी 12 अगस्त को प्रकाशित की गई थी।

11 अगस्त की शाम मंदार पर्वत के समीप से लापता हो गई महिला के बारे में बांका लाइव को सूचना देने वाले उन्हीं के ग्रुप के एक सदस्य मनीष कुमार ने बांका लाइव के प्रति आभार प्रकट करते हुए बताया कि लापता महिला 70 वर्षीय चूल्हो देवी बासुकीनाथ धाम में मिली। उन्हें नेपाल के ही एक सज्जन यात्री ने कल उनके घर सकुशल पहुंचा दिया। इससे उनके घर में खुशी का माहौल है।

चुल्हो देवी मधुबन वीरपुर की रहने वाली हैं जो अपने 80 सदस्य तीर्थयात्री दल के साथ भ्रमण करते हुए बौंसी के गुरुधाम पहुंची थी। गुरुधाम के बाद तीर्थ यात्रियों ने मंदार भ्रमण किया। लेकिन वापसी के समय 70 वर्षीय चुल्हो देवी गायब थी। उनकी काफी खोजबीन हुई। उनके पति का नाम राम फलन मेहता बताया गया। काफी खोजबीन के बाद सभी तीर्थयात्री भागलपुर स्थित कुप्पाघाट वापस लौट गए।

इस बीच महिला तीर्थयात्री चूल्हो देवी किसी तरह भटकते हुए कांवरियों के साथ बासुकीनाथ धाम पहुंच गई। वहां उनके खोने की सूचना प्रसारित हुई। महिला के इलाके के ही एक कांवरिया तीर्थयात्री ने उन्हें अपनी जिम्मेदारी में साथ लेकर कल उनके घर पहुंचा दिया। महिला की सकुशल वापसी पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार के लोगों और इस मामले की सूचना देने वाले मनीष कुमार बांका लाइव डॉट नेट न्यूज़ पोर्टल को भी सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया है।

Exit mobile version