बेलहरस्वास्थ्य

Big Breaking : बांका में बढ़ा कोरोना का दायरा, एक और पॉजिटिव केस मिलने से हड़कंप

Get Latest Update on Whatsapp

बांका (ब्यूरो रिपोर्ट) : बांका जिले में कोरोना संकट गहरा गया है। जिले में आज एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने ट्वीट कर बांका में एक और संदिग्ध के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है।

बांका जिला अंतर्गत बेलहर प्रखंड के विशनपुर गांव निवासी 36 वर्षीय पुरुष के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि आज बिहार के स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने की है। यह व्यक्ति परसों रात से ही आइसोलेशन में था। इस व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई के धारावी एरिया से शुरू होकर बांका के मैनमा और बेलहर के विशनपुर तक रही।

अमरपुर प्रखंड अंतर्गत कौशलपुर गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि 2 दिन पूर्व हुई थी। उसके साथ मुंबई से एंबुलेंस पर बांका जिले तक की यात्रा करने वालों में बेलहर के विशनपुर गांव का यह व्यक्ति भी शामिल था। कौशलपुर के ग्रामीण में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद ट्रेसिंग कर इस व्यक्ति के साथ साथ अमरपुर प्रखंड अंतर्गत मैनमा गांव निवासी एक व्यक्ति को भी परसों रात ही आइसोलेशन में भेजा गया था।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक परसों रात ही दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। आज दोपहर के बुलेटिन के आधार पर राज्य के स्वास्थ्य सचिव ने बेलहर के विशनपुर निवासी इस व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव होने की बात की पुष्टि की है। मैनमा के व्यक्ति की रिपोर्ट को लेकर अब तक कोई बुलेटिन जारी नहीं हुआ है। संभव है कि आज दोपहर बाद तक उसकी भी रिपोर्ट जारी की जाए।

ज्ञात हो कि मैनमा गांव के जिस व्यक्ति की रिपोर्ट आना अभी शेष है, उसी की मां का देहांत मुंबई में हुआ था, जिन्हें एंबुलेंस से उनके गांव लाया गया था। उसी एंबुलेंस पर कौशलपुर का व्यक्ति भी मुंबई से भागलपुर तक साथ आया था। एक अन्य व्यक्ति जो भागलपुर जिला अंतर्गत सनहौला प्रखंड के महियामा गांव का है, उसे भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई है। दोनों का इलाज भागलपुर अस्पताल में चल रहा है।

इस बीच इन दोनों के कांटेक्ट में आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारन्टीन कर दिया गया है। ऐसे लोगों की संख्या तकरीबन दो दर्जन है। बांका जिले में कोरोना का दूसरा पॉजिटिव केस सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति से निपटने के लिए लगातार तैयारियां कर रहा है। प्रशासन ने लॉक डाउन एवं सोशल डिस्टेंसिंग को मुकम्मल लागू करने की अपील आम जन से की है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button