BIG BREAKING : बाइक दुर्घटना में तीन युवकों की ऑन स्पॉट मौत, एक गंभीर, चारों एक ही बाइक पर थे सवार

बांका लाइव ब्यूरो : बांका में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई। बांका- अमरपुर मार्ग पर महागामा मोड़ के पास एक भीषण बाइक दुर्घटना में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्भाग्यपूर्ण यह कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम करीब 7:00 बजे के आसपास एक ही बाइक पर सवार होकर चारों युवक बांका से अमरपुर की ओर जा रहे थे। महागामा मोड़ पर उनकी बाइक तेज रफ्तार में इमली के एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 3 युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृत एवं घायल युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया है। मृत युवकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल से उनकी ऐसी कोई पहचान नहीं मिली है जिनसे उनकी शिनाख्त हो सके। घटनास्थल अमरपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है।

ज्ञात हो कि इन युवकों की बाइक जिस इमली के पेड़ से टकराई, अक्सर उस पेड़ से टकराकर वहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हालांकि पिछले कुछेक वर्ष से इस स्थान पर दुर्घटनाएं कम हो रही थीं या नहीं के बराबर हो रही थीं। इस स्थान को जिले का डेंजर पॉइंट भी कहा जाता है। बांका- अमरपुर मार्ग पर सर्वाधिक सड़क हादसे महागामा मोड़ पर ही होते रहे हैं।

इधर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कुछ लोगों का मानना है कि बाइक तेज रफ्तार में थी और उस पर 4 लोग सवार थे। घटनास्थल पर तीक्ष्ण मोड़ है जहां चालक से बाइक का संतुलन तेज रफ्तार की वजह से संभल नहीं पाया और चालक ने सीधे इमली के पेड़ में टक्कर मार दी। कुछ लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि शायद उन्हें पीछे से किसी बड़े वाहन ने टक्कर मारा हो। बहरहाल यह जांच का विषय है। फिलहाल तो इस हादसे ने पूरे बांका जिले को दहला दिया है।

Exit mobile version