अमरपुरदुर्घटनाबांका

BREAKING : कैदी वाहन व ट्रक के बीच भीषण टक्कर, एक की मौत, कई सुरक्षाकर्मी घायल

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : बांका जिले की सड़कों पर हादसों का सिलसिला जारी है। फिलहाल ब्रेकिंग न्यूज़ यह है कि जिले में एक कैदी वाहन व ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई है जिसमें कैदी वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। इस हादसे में एक की मौत हो गई है जबकि कई सुरक्षाकर्मी घायल हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। घटना मंगलवार मध्यरात्रि के बाद की है।

जानकारी के अनुसार बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंग्लिश मोड़- शंभूगंज मार्ग पर केंदुआर एवं रामपुर के बीच मंगलवार की मध्यरात्रि के बाद करीब 1:30 बजे यह हादसा हुआ। कैदी वाहन नए बंदियों को मुंगेर स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर पहुंचाकर वापस बांका जिला मुख्यालय लौट रहा था। कैदी वाहन पर चालक के अलावा अनेक सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।

घटनास्थल के समीप कैदी वाहन की एक ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैदी वाहन के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर और अचानक हुई कि कैदी वाहन पर सवार कई सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गये। दुर्घटना के बाद घायल चालक वाहन में ही फंस गए जिन्हें जेसीबी की सहायता से किसी तरह निकाला गया।

चालक सहित सभी घायल सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए ले जाया गया। चालक को अमरपुर रेफरल अस्पताल में इलाज के बाद गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन भागलपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही चालक की मौत हो गई। एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने पुष्टि करते हुए बताया है कि चालक का नाम देवेंद्र पंडित था।

ध्यातव्य है कि कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान से ही बांका मंडल कारा में शिफ्ट किए जाने वाले सभी नए बंदियों को पहले 15 दिन के लिए मुंगेर स्थित क़ैदी क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा जाता है। 15 दिनों के क्वॉरेंटाइन की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें पुनः बांका मंडल कारा में शिफ्ट किया जाता है। यह सिलसिला जारी है। इसी नियम के तहत मंगलवार को भी नए बंदियों को कैदी वाहन से लेकर मुंगेर स्थित क्वारंटाइन सेंटर ले जाया गया था जहां से वापसी के दौरान कैदी वाहन हादसे का शिकार हुआ।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button