BANKA : एक पंचायत प्रतिनिधि की बहू की हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हत्या को अंजाम देने के लिए मृतका के मायके वालों ने उसके पति को ही जिम्मेदार ठहराया है। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार बांका जिला अंतर्गत बंधुआकुराबा (बौंसी) थाना क्षेत्र के भलुआ बघार गांव में 33 वर्षीय महिला मंजू देवी की हत्या कर दिए जाने की खबर है। मृतका मुकेश यादव की पत्नी थी जबकि उसकी सास गोकुला पंचायत की एक वार्ड सदस्य है। मंजू देवी के मायके वालों का आरोप है कि उसकी हत्या उसके पति ने की है।
मृत महिला की पुत्री ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को गाय की गुहाल साफ करने को कहा। उसकी मां एक बड़े पत्थर को नहीं उठा पाई तो उसने मदद के लिए उसके पिता को आवाज लगाई। इसी बात पर पिता मुकेश यादव रंज हो गया और उसने उसकी मां को पीट दिया जिससे वह गिर गई।
पुलिस के अनुसार मृतका मंजू देवी एवं उसके पति मुकेश यादव के बीच पिछले कई दिनों से पारिवारिक कलह चल रहा था। आरोप है कि मुकेश यादव शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। कई बार मंजू देवी के मायके वालों ने आकर उनके बीच सुलह कराने का प्रयास किया। बताया गया कि गुरुवार को भी उनके बीच विवाद हुआ था तो मंजू के मायके वालों ने ही आकर सुलह कराने की कोशिश की थी।
लेकिन इसी बीच गुरुवार की रात मंजू देवी की मौत हो गई। खबर सुनकर उसके मायके से माता पिता उसके घर पहुंचे। मंजू देवी का मायका जितियाजोर गांव में है। मंजू के माता-पिता ने उसके पति मुकेश यादव पर मंजू की हत्या करने का आरोप लगाया है तथा इस आशय का आवेदन भी थाना में दिया है। बताया गया कि मंजू देवी चार बच्चों की मां थी।