अपराधफुल्लीडुमरबांका

BREAKING : ताबड़तोड़ बम प्रहार कर किसान की हत्या, 3 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर

Get Latest Update on Whatsapp

BANKA : महज दो दिन पूर्व हुए गौरीपुर गोलीकांड की सरगर्मी अभी कमतर भी नहीं हुई थी कि फिर से ताबड़तोड़ बम प्रहार कर जिले में एक और किसान की हत्या कर दी गई। बम के हमले में एक बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका इलाज बांका सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घटना बांका जिला अंतर्गत फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के अमझर गांव की है। इस मामले में आठ नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जाता है।


जानकारी के अनुसार मंगलवार की आधी रात के बाद कुछ हथियारबंद लोग अमझर गांव में किसान सुरेश यादव के घर में घुस गये। उस वक्त घर के सभी लोग सोए थे। घर में घुसते ही अपराधियों ने सोये में किसान के ऊपर ताबड़तोड़ बम प्रहार शुरू कर दिया। मृतक की पत्नी सुनैना देवी के मुताबिक हमलावरों ने चार बम विस्फोट किए।


बताया गया कि दो बम ठीक किसान सुरेश यादव के पेट के समीप फटे, जिससे उनका आधा शरीर उड़ गया। सुरेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। बम विस्फोट एक बच्ची 3 वर्षीय मौसम कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। वह आंगन में सोई थी। जख्मी हालत में मौसम कुमारी को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल प्रारंभ किया। मृतक की पत्नी सुनैना देवी के बयान पर इस मामले में 8 नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से बम विस्फोट के अवशेष भी बरामद किए हैं। सुनैना देवी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2012 से ही गोतिया के साथ उनका जमीन विवाद चल रहा है। वर्ष 2012 में भी महुआ चुनने को लेकर हुए विवाद में उसके पति पर आरोपियों ने गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है। सभी आरोपी फरार बताए जाते हैं।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button