BREAKING : बिजली का करंट लगने से शख्स की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांका लाइव ब्यूरो : बिजली का करंट लगने से बुधवार को एक शख्स की मौत हो गयी। घटना बांका जिला अंतर्गत अमरपुर प्रखंड की है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। घटना से गांव वाले भी आहत हैं।

जानकारी के अनुसार बुधवार को अपराहन करीब 2:00 बजे के आसपास अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालदेवचक गांव के पछियारी टोला निवासी सुनील सिंह धान का बिचड़ा पटाने बैहियार गए थे।

मालदेव चौक निवासी युवा शक्ति जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने जानकारी दी कि मृतक स्वर्गीय सुरेश सिंह के पुत्र थे और उनकी उम्र करीब 48 वर्ष थी। धान का बिचड़ा पटाने के लिए मोटर की सेटिंग के दौरान किसी तरह वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए।

करंट लगने से सुनील सिंह वहीं गिर पड़े। उनकी हालत खराब हो गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बिजली के करंट से छुड़ाया। लेकिन तब तक उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। उन्हें जल्दबाजी में अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। घर में कोहराम मचा है। गांव के लोग भी इस हादसे से गमगीन हैं।

Exit mobile version