बांका लाइव ब्यूरो : वर्चस्व के विवाद में हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आरंभिक विवाद बबूल के एक धराशाई पेड़ को काटने से लेकर शुरू हुआ जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। यह घटना बांका जिले के शंभगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरीपुर पहाड़ के समीप की है। घटना को लेकर शंभूगंज एवं बेलहर प्रखंडों की सीमा पर अवस्थित गौरीपुर एवं नगेल गांव के दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है।
घटना के बाद शंभूगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने मृतक की लाश को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। मृतक के परिजनों ने करीब एक दर्जन लोगों को इस हत्याकांड के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को अपना बयान दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना में जिस शख्स की मौत हुई है उनका नाम कपिल देव यादव बताया गया है। वह बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगेल गांव के रहने वाले थे। पेशे से किसान कपिल देव यादव की मौत गोली लगने से हुई, पुलिस ने बताया। उनके परिजनों ने बताया कि करीब दर्जन भर लोग आए और उन पर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। एक ने उनकी पीठ पर गोली मारी, जिससे उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह मामला बेलहर थाना क्षेत्र की सीमा से लगे शंभूगंज थाना क्षेत्र के गौरीपुर पहाड़ के निकट स्थित एक विशाल भूखंड से जुड़ा है जिस पर वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। नगेल गांव बेलहर थाना क्षेत्र में जरूर है लेकिन गौरीपुर की सीमा से लगा है। दोनों गांवों के लोग कई दफा इस जमीन पर वर्चस्व को लेकर आमने-सामने होते रहे हैं। उनके बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है।
इसी गौरीपुर पहाड़ के निकट एक विवादित भूखंड पर गिरे बबूल के पेड़ को काटकर हटाने के विवाद में आज यह हिंसक झड़प हुई। झड़प में गोली लगने से कपिल देव यादव की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे भाग निकलने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलने पर शंभूगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। मामले की सघनता से पड़ताल की जा रही है।