बांकास्वास्थ्य

GOOD NEWS : बांका में 5 जांबाजों ने कोरोना को दिया मात, डिस्चार्ज किए गए आज

Get Latest Update on Whatsapp

बांका लाइव ब्यूरो : कोरोना महामारी की त्रासद स्थिति झेल रहे बांका में आज इसी प्रसंग में एक ऐसी सुखद खबर भी सामने आयी जिसने जिले भर के लोगों के तन मन को ख़ुशी और शीतलता पहुंचाई। जिले के पांच जांबाजों ने कोरोना संक्रमित होने के बाद भी अपने धैर्य, हिम्मत और मनोबल से इस महामारी को मात दे दी। इन पांचों व्यक्तियों को आज डिस्चार्ज कर दिया गया।

यह पल बांका स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी बेहद सुखद रहा। कोरोना को मात देकर निकलने वाले इन पांचों व्यक्तियों की विदाई के अवसर पर बांका सदर अस्पताल में हर्षोल्लास का माहौल रहा। एक संक्षिप्त किंतु भावपूर्ण समारोह में उन्हें उपहारों के साथ विदाई दी गयी। इस मौके पर पांचों शख्स बेहद भावुक हो उठे।

जिन पांच व्यक्तियों को आज कोरोना संक्रमण से मुक्त घोषित कर विदाई दी गई, उनमें से एक युवक बांका नगर परिषद क्षेत्र के विदाय का रहने वाला है। बाकी के चार जिले के रजौन, धोरैया, शंभूगंज एवं बौंसी के रहने वाले हैं। अलग-अलग तिथियों को उनकी कोविड-19 जाच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और वे आइसोलेशन वार्ड में अपना इलाज करा रहे थे।

हालांकि इन पांचों व्यक्तियों को कल शनिवार को ही डिस्चार्ज किए जाने की योजना थी। लेकिन अंतिम क्षणों में एक बार फिर से इनका टेस्ट रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा किए जाने का निर्णय लिया गया। आखिरकार आज पुनः इन सभी की जांच रिपोर्ट आरएमआरआई से निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किए जाने का निर्णय लिया गया।

इससे पहले उन्हें बांका सदर प्रखंड अंतर्गत लकड़ीकोला इंजीनियरिंग कॉलेज में बने आइसोलेशन वार्ड से बांका सदर अस्पताल लाया गया। यहां आयोजित एक संक्षिप्त किंतु भावपूर्ण समारोह में कतिपय उपहारों के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी गयी। उन्हें सम्मानपूर्वक उनके घर भेज दिया गया।

हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उन्हें अभी होम क्वॉरेंटाइन में रहना होगा। अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने के मौके पर उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ सुधीर महतो, डीपीएम प्रभात कुमार राजू, बांका सदर अस्पताल के प्रबंधक अमरेश कुमार, बांका के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अनेक स्वास्थ्य एवं चिकित्साकर्मी व पदाधिकारी मौजूद थे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button